खरगोन-बड़वानीधर्म-ज्योतिष, समाजमुख्य खबरे

बड़वानी में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ, कालिका माता मंदिर से निकली कलश यात्रा, युवा कांग्रेस ने किया स्वागत

कुम्हार मोहल्ले में सात दिवसीय संगीतमय कथा का आयोजन, पुष्पवर्षा से हुआ शोभायात्रा का अभिनंदन

जनोदय पंच। बड़वानी में श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का धार्मिक उल्लास के बीच शुभारंभ हुआ। मां कालिका माता मंदिर से कथा स्थल तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सैकड़ों श्रद्धालु इसमें शामिल हुए। मार्ग में पुष्पवर्षा से स्वागत हुआ। कुम्हार मोहल्ले में 4 अक्टूबर तक कथा का आयोजन होगा।

कालिका माता मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा

बड़वानी जिला मुख्यालय के कुम्हार मोहल्ले में सोमवार से श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन मां कालिका माता मंदिर से जलभरी और कलश स्थापना की गई। दीदी विदुषी के मार्गदर्शन में अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसके बाद कथा स्थल तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सुबह मां कालिका माता मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद निकली कलश यात्रा में गोले परिवारों के साथ सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। हाथों में मंगल कलश लिए महिलाएं और बैंड-बाजे पर नाचते श्रद्धालु आकर्षण का केंद्र रहे। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भगवान कृष्ण के जयकारों पर झूमते नजर आए।

युवा कांग्रेस ने किया शोभायात्रा का स्वागत

शोभायात्रा जब अपने निर्धारित मार्ग से गुजरी तो विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इसी कड़ी में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। युवा कांग्रेस के सदस्यों ने कथा वाचिका और श्रद्धालुओं पर फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया और धर्म लाभ लिया।

4 अक्टूबर तक चलेगी संगीतमय कथा

भाकरिया गोले परिवार, बड़वानी द्वारा आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का वाचन राष्ट्रीय कथावाचिका पूज्य दीदी श्री विदुषी अंजलि जोशी जी द्वारा किया जा रहा है। कथा 28 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगी।

श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होने की अपील

आयोजन समिति के सदस्य अशोक कुमार गोले ने बताया कि कथा का शुभारंभ दोपहर 12 बजे से हुआ। उन्होंने बताया कि कथा 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलेगी। श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण की भक्ति और सदाचार का संदेश मिलेगा। आयोजक परिवार ने सभी धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर कथा अमृत पान करने का आग्रह किया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!