खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी में प्लास्टिक मुक्त अभियान तेज, पाला बाजार में नागरिकों को बांटी कपड़े की थैलियां, दिलाई स्वच्छता की शपथ

नगर पालिका परिषद ने सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार को लेकर चलाया जन-जागरूकता अभियान

आपके कार्यालय, समाज और धार्मिक आयोजनों की खबरें (फोटो, वीडियो व जानकारी) हमें वॉटसअप पर भेजें। आवश्यक संपादन के बाद हम उन्हें प्रकाशित करेंगे।

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। बड़वानी नगर पालिका परिषद ने स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने के लिए पाला बाजार में जन-जागरूकता अभियान चलाया। नागरिकों को कपड़े की थैलियां बांटकर सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।

पाला बाजार में बांटी कपड़े की थैलियां

नगर पालिका परिषद बड़वानी द्वारा शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत व्यस्त पाला बाजार क्षेत्र में नागरिकों को कपड़े की थैलियों का वितरण किया गया। लोगों से पॉलीथिन छोड़कर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई। इस दौरान नगर पालिका परिषद बड़वानी की अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी चौहान, कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह सहित उपाध्यक्ष, पार्षदगण, एल्डरमैन, विभिन्न गणमान्य जनप्रतिनिधिगण तथा अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

नागरिकों को दिलाई स्वच्छता की शपथ

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने नागरिकों को अपने हाथों से कपड़े की थैलियां वितरित कीं। उपस्थित जनसमूह को सिंगल यूज प्लास्टिक एवं प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग नहीं करने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की जानकारी दी गई। प्लास्टिक से पर्यावरण, जल स्रोतों और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी बताया गया। इस दौरान नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई, ताकि वे पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय और नैतिक भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

नगर पालिका ने की प्लास्टिक बहिष्कार की अपील

नगर पालिका परिषद बड़वानी ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने की अपील की। दैनिक खरीदारी के दौरान पॉलीथिन के स्थान पर कपड़े की थैली का उपयोग करने और बड़वानी को पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त बनाने में योगदान देने का आग्रह किया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!