खरगोन: बड़वाह में 90 लाख की चोरी का खुलासा, कचरे में छिपाया गया सोना-चांदी बरामद
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम कड़ी, 48 घंटे की जांच के बाद बड़वाह पुलिस ने की कार्रवाई।

खरगोन जिले के बड़वाह में सूने मकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो युवकों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 90 लाख रुपए का सोना-चांदी और नकद बरामद किया गया है।
बड़वाह पुलिस ने शहर में हुई बड़ी चोरी के मामले में दो युवकों और एक नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 90 लाख रुपए मूल्य का सोना, चांदी और नकद राशि बरामद की है। चोरी का यह मामला सूने मकान से जुड़ा हुआ है।
कचरे के ढेर में छिपाया गया था माल
आरोपियों ने चोरी किए गए सोना-चांदी को घर में रखने के बजाय कचरे के ढेर में छिपा दिया था, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कचरे से 300 ग्राम सोने के बार (3 नग), 5 किलो चांदी (5 ईंटें), सोने के सिक्के, चूड़ियां और 28 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
सीसीटीवी से मिला सुराग
फरियादी अरुण और खुश्याल की शिकायत के बाद पुलिस ने करीब 48 घंटे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक 16 वर्षीय संदिग्ध नजर आया। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों हर्ष प्रजापति (22) और दीपेश (19) के नाम बताए।
26 से 29 जनवरी के बीच की वारदात
आरोपियों ने 26 से 29 जनवरी के बीच एक सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले सूने मकानों की रेकी करते थे और फिर उन्हें निशाना बनाते थे। मुख्य आरोपी हर्ष और नाबालिग पर पहले से चोरी और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त कर ली है।



