खरगोन में पुलिस आरक्षक का शव मिलने से हड़कंप, सड़क किनारे मिला मृत
खंडवा रोड के गोपालपुरा क्षेत्र में मिला शव, शुक्रवार रात से था लापता; जैतापुर पुलिस जांच में जुटी।

खरगोन के खंडवा रोड स्थित गोपालपुरा क्षेत्र में शनिवार सुबह डीआरपी लाइन में पदस्थ पुलिस आरक्षक रवि कन्नौजे का शव सड़क किनारे मिला। शुक्रवार रात से लापता आरक्षक की मौत को लेकर शराब के अधिक सेवन की आशंका जताई जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सड़क किनारे मिला पुलिस आरक्षक का शव
खरगोन जिले के खंडवा रोड स्थित गोपालपुरा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक पुलिस आरक्षक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय रवि कन्नौजे के रूप में हुई है, जो डीआरपी लाइन में पदस्थ थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
शुक्रवार रात से थे लापता
पुलिस के अनुसार आरक्षक रवि कन्नौजे शुक्रवार रात से लापता थे। शनिवार सुबह उनका शव सड़क किनारे पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में मौत की वजह अत्यधिक शराब का सेवन मानी जा रही है, हालांकि पुलिस द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
फॉरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
सूचना मिलने पर जैतापुर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर फॉरेंसिक जांच टीम ने भी बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है ताकि मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सके। जैतापुर पुलिस के अनुसार आरक्षक रवि कन्नौजे मूल रूप से बड़वानी जिले के गवाला गांव के निवासी थे। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है और उन्हें खरगोन बुलाया गया है। परिजनों की उपस्थिति में ही पोस्टमार्टम किया जाएगा।
TI बोले – रिपोर्ट आने के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया ने बताया, “खंडवा रोड स्थित गोपालपुरा के पास शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। आरक्षक पुलिस लाइन में पदस्थ थे। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएंगे।”




