सेंधवा पुलिस को बड़ी सफलता, NDPS एक्ट का आरोपी नासिक से पकड़ा गया
सेंधवा में “ऑपरेशन हवालात” के तहत कार्रवाई, 3 साल से फरार इनामी वारंटी गिरफ्तार

जनोदय पंच। सेंधवा शहर पुलिस ने “ऑपरेशन हवालात” के तहत NDPS एक्ट में तीन वर्षों से फरार 2000 रुपये के इनामी स्थायी वारंटी को नासिक से गिरफ्तार किया। आरोपी संतोष खरते के खिलाफ 2021 से मामला दर्ज था और वह लगातार फरार चल रहा था।
ऑपरेशन हवालात के तहत कार्रवाई
सेंधवा। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बबर तथा एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन हवालात” के तहत थाना सेंधवा शहर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
आरोपी तीन वर्षों से फरार था
गिरफ्तार आरोपी संतोष पिता इकल सिंह खरते, निवासी दितिया फलिया पीपलधार थाना सेंधवा ग्रामीण, पिछले लगभग तीन वर्षों से फरार था। वर्ष 2021 में थाना सेंधवा शहर में उसके विरुद्ध धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत अवैध मादक पदार्थ तस्करी का प्रकरण दर्ज किया गया था। न्यायालय में उपस्थित न होने पर उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को नासिक महाराष्ट्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपी अपनी पहचान छुपाकर अन्य क्षेत्रों में फरारी काट रहा था।
पुलिस टीम और आगे की कार्रवाई
कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक कैलाश चौहान, सहायक उपनिरीक्षक संजय पाटीदार और आरक्षक नीरज डांगरे की भूमिका रही। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी पर 2000 रुपये का इनाम घोषित था।



