सेंधवा में दिगंबर जैन समाज द्वारा नवीन मंदिर का शिलान्यास 24 अप्रैल को

सेंधवा में दिगंबर जैन समाज द्वारा भगवान महावीर स्वामी के नवीन मंदिर का शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम 24 अप्रैल 2026, शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन मुनि श्री 108 प्रमाण सागर महाराज की प्रेरणा एवं मंगल आशीर्वाद से संपन्न होगा। समाज के सचिव सौरभ जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि नवीन जिनालय का शिलान्यास एवं भूमि पूजन विधि-विधानपूर्वक भैया जी अमित सिंघई इंदौर द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर पुण्यार्जक के रूप में योगेश ममता पाटनी, अशोक योगिता पाटनी, सिद्धार्थ पाटनी, खुशाल पाटनी, मनोज पाटनी और निर्मला पाटनी परिवार सेंधवा उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव एवं विशिष्ट अतिथि पंडित मेवालाल पाटीदार गायत्री धाम जामली शामिल होंगे। साथ ही नवीन जिनालय निर्माण के लिए सेंधवा के श्वेतांबर समाज और निमाड़ अंचल के दानदाताओं का अभिनंदन एवं स्वागत किया जाएगा।
इस आयोजन में अग्रवाल समाज, ब्राह्मण समाज और वैश्य समाज के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के पश्चात सभी अतिथियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था रखी गई है।



