खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी में दूषित पानी पर सियासी घमासान, कांग्रेस का प्रदर्शन, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और सीएम के नाम ज्ञापन

सीवरेज कार्य में लापरवाही का आरोप, प्रभावित वार्डों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की मांग तेज

जनोदय पंच। बड़वानी शहर में कई वार्डों में दूषित पेयजल आपूर्ति को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रशासन ने 15 दिन में समस्या समाधान का आश्वासन दिया है।

बड़वानी शहर में पिछले कई दिनों से दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 6, 7, 11, 13, 14 और 16 में लंबे समय से गंदा पानी आने की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय पार्षदों और नागरिकों द्वारा लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने पर 29 अप्रैल 2026 को विधायक राजन मंडलोई के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कारगिल चौक और पाला बाजार में धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, बड़वानी ने नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

सीवरेज निर्माण पर लगाए आरोप
कांग्रेस का आरोप है कि शहर में चल रहे सीवरेज निर्माण कार्य के दौरान श्रीराम कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा लापरवाही बरती गई है। अनियमित खुदाई के कारण पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे सीवर लाइन का गंदा पानी पेयजल में मिल रहा है। साथ ही नई सीवर लाइनें पुरानी पेयजल लाइनों के बेहद करीब, लगभग 6 इंच की दूरी पर बिछाई गई हैं, जिसे नियमों का उल्लंघन बताया गया है।

प्रशासन का आश्वासन और चेतावनी
प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे मुख्य कार्यपालन अधिकारी और इंजीनियरों ने समस्या को गंभीर माना। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि अगले 15 दिनों के भीतर प्रभावित वार्डों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही दूषित पानी से होने वाली किसी भी जनहानि के लिए ठेका कंपनी की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बाबूलाल कोटवाल ने चेतावनी दी है कि तय समय सीमा में सुधार नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!