खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

बड़वानी में पुलिस का जनसंवाद कार्यक्रम, ग्राम धवली में जागरूकता और सम्मान के साथ बढ़ाया विश्वास

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल की पहल, सम्मान, संवाद और जागरूकता के माध्यम से समाज से जुड़ने का प्रयास

रमन बोरखड़े, सेंधवा। ग्राम धवली में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में “आप की बात पुलिस के साथ” जनसंवाद आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सामाजिक कुरीतियों, साइबर अपराध, यातायात सुरक्षा पर जागरूकता के साथ वरिष्ठजन, छात्र-छात्राओं और सुरक्षा समिति सदस्यों का सम्मान किया गया।


जनसंवाद के जरिए संवाद और जागरूकता

वरला-बड़वानी में थाना वरला के ग्राम धवली में “आप की बात पुलिस के साथ” जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम में ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया गया। कार्यक्रम के दौरान यातायात दुर्घटनाओं की रोकथाम, डीजे के दुरुपयोग, दहेज प्रथा, नशा और साइबर फ्रॉड जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा कर आमजन को जागरूक किया गया। साथ ही बड़वानी पुलिस के नए अभियान “आप की बात, पुलिस के साथ” की जानकारी भी दी गई।

वरिष्ठ नागरिकों और सेवानिवृत्त सैनिकों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान

पुलिस अधीक्षक द्वारा ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों और सेवानिवृत्त सैनिकों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि “ऑपरेशन 3क्” के अंतर्गत डीजे, दहेज और दारू के बिना सादगीपूर्ण विवाह करने वाले परिवारों में वर-वधू और उनके परिजनों को पुलिस परिवार द्वारा सम्मानित किया जाएगा।


प्रतिभाओं का सम्मान और युवाओं को प्रेरणा

कार्यक्रम के दौरान 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों का भी सम्मान कर उनकी भूमिका की सराहना की गई। इसके साथ ही ग्राम के क्रिकेट और कबड्डी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया गया।

वन-टू-वन संवाद भी किया गया

पुलिस विभाग द्वारा युवाओं को खेल और शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया गया कि थानों के माध्यम से खेल किट और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि युवा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम में सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, नशे से दूरी बनाए रखने और जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए वन-टू-वन संवाद भी किया गया।


सुरक्षा, सहयोग और सहभागिता का संदेश

कार्यक्रम में ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही उपस्थित सभी ग्रामीणों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम के अंत में अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस जनसंवाद में एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, डीएसपी अजाक नीलेश्वरी डावर, थाना प्रभारी वरला निरीक्षक नारायण रावल, थाना प्रभारी सेंधवा शहर दिनेश सिंह कुशवाह, ग्रामीण थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश चौंगड़, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल, साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक रितेश खत्री, यातायात प्रभारी सूबेदार रजनी भार्गव सहित पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। ग्राम धवली की सरपंच निर्मला दिलीप तरोले, भाजपा मंडल अध्यक्ष कीर्ता वडवी, पहलाद पटेल, समस्त सरपंच, स्थानीय युवा, ग्रामीणजन और गायत्री परिवार के सदस्य भी शामिल हुए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में थाना प्रभारी वरला निरीक्षक नारायण रावल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता नरेंद्र तिवारी सेंधवा द्वारा किया गया। यह जनसंवाद पुलिस और आमजन के बीच विश्वास और सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!