बड़वानी जिले के सभी थानों में अपराध समीक्षा कर पुलिस अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

बड़वानी। जिले में कानून व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 10 मई 2026 को जिलेभर के समस्त थानों में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में आयोजित बैठकों में थाना प्रभारियों द्वारा विवेचकों के साथ लंबित अपराध, मर्ग, चालान, शिकायत जांच, गुम इंसान, सीएम हेल्पलाइन, ई-समंस, वारंट, राहत प्रकरण एवं ई-डार संबंधी मामलों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पेंडिंग प्रकरणों का शीघ्र और समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी मामलों में निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। विवेचकों को चालान, मर्ग, गुम इंसान, शिकायत एवं एमएलसी जांच रजिस्टर का सुव्यवस्थित संधारण करने के निर्देश भी दिए गए।

ई-साक्ष्य और वारंट तामिली पर विशेष जोर
बैठक में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, गिरफ्तारी वारंट, स्थाई वारंट और फरारी वारंटों की तामिली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रकरणों में ई-साक्ष्य के प्रभावी संकलन तथा सीसीटीएनएस पोर्टल पर समय पर ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
पुलिस अधिकारियों को अपने थाना एवं बीट क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी रखने, गुंडा-बदमाशों की चेकिंग करने और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

आमजन से सहयोग की अपील
बैठक के दौरान थाना प्रभारियों ने आमजन से संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी सुझाव प्राप्त किए। नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि पुलिस और जनता के समन्वय से जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके। बड़वानी पुलिस ने आमजन की सुरक्षा के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध रहने की बात कही।



