सेंधवा शहर पुलिस ने 24 घंटे में चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी पकड़ा
पुलिस ने सीसीटीवी और साइबर तकनीक से चोरी का खुलासा किया

सेंधवा। सेंधवा शहर पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में अपराधों पर अंकुश लगाने और संपत्ति संबंधी अपराधों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
सीसीटीवी और साइबर सेल से मिला सुराग
8 मई 2026 की रात फरियादी कय्यूम पिता मोहम्मद चौहान निवासी देवझिरी रोड सेंधवा ने थाना सेंधवा शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक MP46MC 2553 चोरी हो गई है। पुलिस ने अप.क्र. 139/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह ने तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपी और चोरी गए वाहन की तलाश शुरू करवाई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे 15 से 20 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदेही की पहचान कर उसके आने-जाने के मार्ग की जानकारी जुटाई गई। सायबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रैक कर घेराबंदी की गई।
आरोपी गिरफ्तार, बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी जितेंद्र पिता सुवालाल खरते उम्र 19 वर्ष निवासी वेरवाडा थाना पाटी को गिरफ्तार कर पूछताछ की। आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत की चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इस कार्रवाई में उनि. संतोष पाटीदार, सउनि. संजय पाटीदार, प्रआर. अश्विन शर्मा, आर. नीरज डांगरे, आर. रेवाराम अछाले और सायबर सेल के प्रआर. योगेश पाटिल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।



