भोपाल सहित मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, CM डॉ. मोहन यादव ने नागरिकों से की सावधानी की अपील
नौतपा के दौरान प्रदेश के कई शहरों में बढ़ा तापमान, छतरपुर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में रेड अलर्ट जारी

जनोदय पंच। मध्यप्रदेश में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागरिकों से स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने लोगों को हाइड्रेटेड रहने, पानी साथ रखने और गर्मी से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाने की सलाह दी है।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से की अपील
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्रीष्मकाल में तापमान तेजी से बढ़ने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को स्वयं को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि घर से बाहर निकलते समय लोग अपने साथ पानी की बोतल अवश्य रखें। उन्होंने राहगीरों के लिए घरों और दुकानों के बाहर मटके में ठंडे पेयजल की व्यवस्था करने वाले सेवाभावी नागरिकों की सराहना भी की।
सामाजिक संस्थाओं को दिया साधुवाद
मुख्यमंत्री ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर यात्रियों को पानी पिलाने का कार्य कर रही सामाजिक संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कार्य बेहद सराहनीय और अनुकरणीय है। मुख्यमंत्री ने इस नेक कार्य में लगे सभी लोगों को साधुवाद दिया।
कई जिलों में रेड अलर्ट जारी
नौतपा के तीसरे दिन प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक खजुराहो और नौगांव में पारा 46.6 डिग्री दर्ज किया गया। देश के 40 सबसे गर्म शहरों की सूची में मध्यप्रदेश के 12 शहर शामिल रहे। राजधानी भोपाल में तापमान 43.6 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम केंद्र ने छतरपुर, निवाड़ी और टीकमगढ़ जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है।



