सेंधवा के धावड़ा गांव में संतरे, मिर्ची और तुवर की फसल के बीच गांजे की खेती का खुलासा, 70 पौधे जब्त
वरला पुलिस ने वन भूमि के खेत में दी दबिश, 7 किलो 900 ग्राम गांजे के पौधे बरामद; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

जनोदय पंच। सेंधवा के ग्राम धावड़ा में वरला पुलिस ने संतरे, मिर्ची और तुवर की फसल के बीच अवैध रूप से की जा रही गांजे की खेती का खुलासा किया। पुलिस ने मौके से 70 पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 7 किलो 900 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस महानिरीक्षक ग्रामीण जोन इंदौर और पुलिस उपमहानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन शिमाला प्रसाद के दिशा-निर्देशों के अनुसार पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना वरला पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस को 11 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम धावड़ा के परमार फलिया स्थित एक खेत में संतरे, मिर्ची और तुवर की फसल की आड़ में गांजे के पौधे लगाए गए हैं। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और सेंधवा अनुभाग से विशेष पुलिस टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। खेत की तलाशी के दौरान गांजे के पौधे पाए गए।
वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची:
कार्रवाई के दौरान खेत का स्थान वन भूमि के अंतर्गत होने के कारण पुलिस ने धवली रेंज के रेंजर से संपर्क किया। इसके बाद वन विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। वन विभाग खेतों की टोपोग्राफी के आधार पर मामले में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर रहा है। संबंधित अभिलेख प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
70 पौधे जब्त, एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज:
पुलिस ने मौके से गांजे के कुल 70 पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 7 किलो 900 ग्राम बताया गया है। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत लगभग 40 हजार रुपये है। थाना वरला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

पुलिस टीम की रही भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नारायण रावल, उपनिरीक्षक छन्नुलाल चौहान, उपनिरीक्षक महेन्द्रसिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक गुजरा बारिया, प्रधान आरक्षक अनिल तथा आरक्षक राजवीर, अरविंद, सैतान और निकलेश सहित सेंधवा अनुभाग की पुलिस टीम का योगदान रहा। बड़वानी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खेती और क्रय-विक्रय के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।




