खरगोन-बड़वानीधर्म-ज्योतिष, समाजमुख्य खबरे

निवाली में शिवमहापुराण कथा से पहले प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर और एसपी ने सुरक्षा व व्यवस्थाओं का लिया जायजा

3 से 17 अक्टूबर तक होगा आयोजन, लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना; यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के निवाली में 13 से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली शिवमहापुराण कथा की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य जनसुविधाओं के इंतजामों की समीक्षा की।

निवाली में सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) की शिवमहापुराण कथा को लेकर 12 अक्टूबर को जिला कलेक्टर जयति सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने संयुक्त रूप से कथा स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

देश-विदेश और आसपास के जिलों से लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए विशाल पंडाल, श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास द्वार और मंच की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। आयोजन के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।

यातायात और पार्किंग के लिए किए इंतजाम

कथा के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। साथ ही वाहनों की पार्किंग के लिए वैकल्पिक स्थल निर्धारित किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर पेयजल तक की व्यवस्था

आपात स्थिति से निपटने के लिए कथा स्थल पर मेडिकल कैंप और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। अग्निशमन वाहनों के निर्बाध आवागमन के लिए विशेष कॉरिडोर बनाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त पेयजल पॉइंट्स और जनरेटर बैकअप सहित निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।

निरीक्षण के दौरान भोजनशाला, श्रद्धालुओं के आवागमन और विश्राम सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

प्रशासनिक अधिकारी और आयोजनकर्ता रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अर्पित गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीएम पानसेमल रूप सिंह सिसोदिया, एसडीओपी राजपुर बी.एल. अटोदे, डीएसपी महिला सुरक्षा बड़वानी कैलाश चौहान, तहसीलदार कैलाश कनोजे, यातायात प्रभारी निरीक्षक विनोद बघेल, रक्षित निरीक्षक गजेंद्र निगवाल, थाना प्रभारी पलसूद विक्रम बामनिया और थाना प्रभारी निवाली रवि ठाकुर उपस्थित रहे।

इसके अलावा नायब तहसीलदार अर्चना गिरवाल, जनपद सीईओ माधव अग्रवाल, सीएमओ यशवंत सोलंकी, बीएमओ डॉ. मुकेश दांगी, पीएचई विभाग से राजेंद्र कुमार बामनिया, पीडब्ल्यूडी एसडीओ अमर सिंह नर्वे तथा प्रमुख आयोजनकर्ता जितेंद्र कुंज पाटिल और सेलू राठौर सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस बल के कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कथा का श्रवण शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से करें। साथ ही यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!