बैतूल में ट्रक से टकराई कार के उड़े परखच्चे, पति-पत्नी समेत तीन की मौत, नौ गंभीर
मुलताई फोरलेन पर तड़के हुआ दर्दनाक हादसा, कार सवार 11 श्रद्धालु नागपुर से कुबेरेश्वर धाम जा रहे थे

जनोदय पंच। बैतूल के मुलताई फोरलेन पर जीतू ढाबे के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर सहित नौ लोग गंभीर घायल हुए। सभी श्रद्धालु कुबेरेश्वर धाम जा रहे थे।
ट्रक के पीछे जा घुसी तेज रफ्तार कार
हादसा शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे मुलताई फोरलेन पर जीतू ढाबे के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग श्रद्धालु थे और नागपुर, महाराष्ट्र के पास बुट्टी बोरी कोल माइंस एरिया के रहने वाले हैं। वे सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
पति-पत्नी समेत तीन की मौत
हादसे में मौके पर ही पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 40 वर्षीय छाया और 42 वर्षीय दीपक की पहचान हुई है। तीसरी महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आशंका जताई है कि संभवत: झपकी आने के कारण कार चालक सड़क किनारे खड़े ट्रक को नहीं देख पाया होगा। हालांकि, हादसे की सही वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।
ड्राइवर सहित नौ लोग घायल, नागपुर रेफर
हादसे में कार ड्राइवर सौरभ पिता नंदकिशोर चंदे, उम्र 30 वर्ष, सहित नौ लोग घायल हुए हैं। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मुलताई के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को नागपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
घायलों में नैतिक पिता उपेंद्र गांधीवार, उम्र 10 वर्ष, उज्ज्वला पति मोहन, उम्र 45 वर्ष, नीता पिता अनिल, उम्र 25 वर्ष, अनुष्का पिता उपेंद्र, उम्र 18 वर्ष, संगीता एकनाथ, शंभु, नंदन और प्रज्ज्वल पिता दीपक शामिल हैं।
हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
चश्मदीद के मुताबिक, हादसे की जोरदार आवाज सुनकर जब लोग मौके पर पहुंचे तो कार की बीच वाली सीट पर बैठे दो लोगों की मौत हो चुकी थी। कार का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया था और आगे की सीट पीछे चली गई थी। हादसे में कार की छत भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।



