
जनोदय पंच। इंदौर के जीपीओ चौराहे के पास देर रात वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। हादसे में दो पुलिसकर्मी घायल हुए। कंट्रोल रूम की सूचना के बाद पुलिस ने तिलक नगर चौराहे पर स्कॉर्पियो रोककर दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
जीपीओ चौराहे के पास लगाया था चेकिंग पॉइंट
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के निर्देश पर इंदौर शहर के सभी थाना क्षेत्रों में आउटर और इनर पॉइंट्स पर नियमित वाहन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में संयोगितागंज थाना क्षेत्र के जीपीओ चौराहे के पीछे स्थित सिटी हॉस्पिटल के पास देर रात पुलिस का चेकिंग पॉइंट लगाया गया था।
स्टॉपर को टक्कर मारकर आगे बढ़ी स्कॉर्पियो
चेकिंग के दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो तेज गति और लापरवाही से चेकिंग पॉइंट की ओर आई। पुलिसकर्मियों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और स्टॉपर को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया। इस दौरान दो पुलिसकर्मी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए।
कंट्रोल रूम की सूचना पर शहरभर में अलर्ट
पुलिस ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम पलासिया को सूचना दी। इसके बाद शहर के अन्य चेकिंग पॉइंट्स को अलर्ट किया गया। तिलक नगर थाना क्षेत्र के चेकिंग पॉइंट पर पुलिस ने स्कॉर्पियो को रोक लिया। वाहन में सवार अनुज मीरा और शिवम वर्मा को हिरासत में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक पुलिसकर्मी के लिगामेंट में चोट
घायल पुलिसकर्मियों में एक कॉन्स्टेबल के लिगामेंट में चोट आई है। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मी और उसके परिजनों से मुलाकात की तथा स्वास्थ्य की जानकारी ली। फिलहाल दोनों पुलिसकर्मी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।



