इंदौर में युवती से जबरदस्ती शारीरिक संबंध का आरोप, युवक गिरफ्तार होकर जेल भेजा गया
रावजी बाजार थाना पुलिस ने दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में दर्ज किया मामला, आरोपी की पिटाई का वीडियो भी वायरल

जनोदय पंच। इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में युवती की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म और जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ।
दो साल से संपर्क में थे युवती और आरोपी
रावजी बाजार थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता और आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। युवती ने शिकायत में बताया कि 27 अगस्त को आरोपी उसके घर पहुंचा और बातचीत करने का दबाव बनाने लगा। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की।
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद युवती रावजी बाजार थाने पहुंची और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आरोपी की स्थानीय लोगों ने की पिटाई
इधर, घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में आरोपी को स्थानीय लोगों द्वारा पकड़कर मारपीट करते हुए देखा जा रहा है। कुछ महिलाएं भी चप्पलों से आरोपी की पिटाई करती दिखाई दे रही हैं।
वायरल वीडियो को पुलिस ने लिया संज्ञान में
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना उसी समय की है, जब आरोपी युवती के घर पहुंचा था और स्थानीय लोगों ने उसे वहां से हटाने का प्रयास किया था। पुलिस ने वायरल वीडियो को भी संज्ञान में लिया है। मारपीट करने वाले लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है और आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



