भाजपा प्रवक्ता अग्रवाल की धर्मपत्नी के निधन के बाद जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल के निवास पर नेताओं, सामाजिकजनों और विभिन्न दलों के पदाधिकारियों ने जताया शोक

जनोदय पंच। सेंधवा। उभाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल की धर्मपत्नी श्रीमती संगीता अग्रवाल के सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन के बाद सेंधवा क्षेत्र में शोक का माहौल है। शनिवार को विभिन्न जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और सामाजिकजन अग्रवाल निवास पहुंचे तथा शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बता दे 17 जून को भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल अपने परिवार एवं रिश्तेदारों के साथ भोपाल जा रहे थे। इसी दौरान सोनकच्छ से लगभग 15 किलोमीटर दूर उनके वाहन की दुर्घटना हो गई। इस भीषण हादसे में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती संगीता अग्रवाल तथा भाजपा इंदौर के नेता मयूरेश गर्ग का दुखद निधन हो गया। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
अजजा अध्यक्ष आर्य ने अर्पित की श्रद्धांजलि
शनिवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अंतरसिंह आर्य अपने परिवार के साथ अग्रवाल निवास पहुंचे। उन्होंने दिवंगत श्रीमती संगीता अग्रवाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। अंतरसिंह आर्य ने इसे अत्यंत दुःखद एवं अपूरणीय क्षति बताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

प्रेमसिंह पटेल और सचिन यादव ने जताई संवेदना
शाम लगभग पांच बजे पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल तथा कसरावद कांग्रेस विधायक एवं पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव भी अग्रवाल निवास पहुंचे। दोनों नेताओं ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा दिवंगत आत्माओं को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा क्षेत्र और समाज परिवार के साथ खड़ा है।

विभिन्न दलों के नेताओं और सामाजिकजनों ने दी सांत्वना
श्रद्धांजलि एवं संवेदना व्यक्त करने के लिए भाजपा और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता लगातार अग्रवाल निवास पहुंच रहे हैं। क्षेत्रीय सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल, पूर्व सांसद सुमेरसिंह सोलंकी, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव, विकास आर्य, संजय यादव, अंतरसिंह पटेल सहित अनेक भाजपा नेताओं ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। वहीं कांग्रेस की ओर से सुखलाल परमार, ग्यारसीलाल रावत, प्रहलाद यादव, मुकेश अग्रवाल, सिरदार पटेल, शबीर शेख सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं सामाजिकजनों ने भी परिवार से भेंट कर शोक संवेदना प्रकट की। दिवंगत श्रीमती संगीता अग्रवाल एवं मयूरेश गर्ग के निधन से परिवार, समाज और परिचितों में गहरा शोक व्याप्त है।



