बड़वानी; NEET-UG सहित प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना, इस्तीफे की मांग तेज
सांसद आवास से शुरू हुआ प्रदर्शन कारंजा चौपाटी पहुंचा, छात्र और सामाजिक संगठनों ने जारी रखा आंदोलन

जनोदय पंच। बड़वानी में NEET-UG सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और धांधली के विरोध में बुधवार रात से अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो गया। छात्र संगठनों और सामाजिक संगठनों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया तथा विभिन्न मुद्दों पर विरोध दर्ज कराया।
बड़वानी में आंदोलन की शुरुआत सांसद गजेंद्र सिंह पटेल के आवास के बाहर प्रदर्शन से हुई। देर रात प्रदर्शनकारी कारंजा चौपाटी पहुंचे, जहां उन्होंने धरना शुरू कर दिया। गुरुवार सुबह धरना स्थल पर टेंट लगाकर आंदोलन को स्थायी स्वरूप दिया गया। दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में छात्र संगठनों और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शन में शामिल हुए।

विभिन्न संगठनों ने उठाई मांगें
धरने में एनएसयूआई, जयस, कांग्रेस, छात्र संगठनों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो” और “छात्रों पर लाठीचार्ज बंद करो” जैसे नारे लगाए। धरना स्थल पर संविधान की प्रति, बिरसा मुंडा और डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र रखकर भी विरोध दर्ज कराया गया।
छात्रों के भविष्य और अन्य मुद्दों को लेकर जताया विरोध
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कथित पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा की। साथ ही पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के समर्थन में भी अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

सांसद ने जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा
धरने के दौरान सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने प्रदर्शनकारियों से मोबाइल पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार NEET पेपर लीक मामले की जांच करा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। इस बीच प्रशासन ने धरना स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।



