अंजड : तेज रफ्तार का कहर, दो बाइकों की भिड़ंत में एक की मौत, चार गंभीर घायल
हादसे का CCTV फुटेज सामने आया, रफ्तार कारण प्रतीत

अंजड। सतीश परिहार। अंजड के ठीकरी रोड पर दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एंबुलेंस उपलब्ध न होने से घायलों को निजी वाहनों और 112 की मदद से अस्पताल ले जाना पड़ा।
अंजड के ठीकरी रोड पर दो बाइकों की आपस में भिड़ंत हो गई, जिसमें दोनों वाहनों पर सवार सभी युवा घायल हो गए। घटना दोपहर लगभग 4 बजे हुई। ढाबे के बाहर मौजूद राहगीरों ने हादसा देखकर तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। 112 और धार से ढोल-ताशे बजाकर अंजड की ओर आ रहे वाहन की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद निजी साधनों से रैफर किया गया। जिला अस्पताल में अश्वीन को मृत घोषित किया गया। चार गंभीर घायलों — रितेश वर्मा निवासी रामपुरा सुद्रैल जिला धार, विशाल सोलंकी निवासी मुंडीयापुरा, शुभम भाबर निवासी खेडी, अनिकेत बघेल निवासी खेड़ी — को भर्ती किया गया, जिसमें रितेश वर्मा की हालत नाजुक है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार इसकी मुख्य वजह लग रही है।

एम्बुलेंस की कमी से फिर परेशानी
हादसे के दौरान एंबुलेंस उपलब्ध न होने से घायलों को अस्पताल ले जाने में भारी दिक्कतें आईं। राहगीरों की मदद और निजी वाहनों के सहारे घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।




