निवाली में 13 से 17 अक्टूबर तक धार्मिक आयोजन, बड़वानी में ट्रैफिक प्लान लागू; छह पार्किंग जोन में होगी वाहनों की व्यवस्था
कलेक्टर जयति सिंह और एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने तैयारियों का लिया जायजा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य गुणवत्ता और सीसीटीवी निगरानी के लिए दिए निर्देश

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के निवाली में 13 से 17 अक्टूबर तक होने वाले धार्मिक आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए विशेष यातायात योजना लागू की गई है। छह पार्किंग जोन बनाए गए हैं तथा स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए गए हैं।
बड़वानी, 12 अक्टूबर 2026। निवाली में धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर जयति सिंह और पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने संयुक्त रूप से बैठक ली। बैठक के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा योजना तैयार की है। कथा स्थल और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, तय किए डायवर्जन मार्ग
13 से 17 अक्टूबर तक श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। सेंधवा की ओर से आने वाले सभी भारी वाहनों का निवाली कस्बे में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। छोटी कारों और यात्री वाहनों को सरदार ढाबा-खेड़ी मोरगुन रोड-वझर फाटा मार्ग से वन-वे डायवर्ट किया जाएगा।
पानसेमल की ओर से आने वाले भारी वाहनों को दोंदवाड़ा-मालकातर-बोराड़ी-सांगवी-पलासनेर मार्ग से महाराष्ट्र एवं बड़वानी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, बड़वानी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को पाटी-बोकराटा मार्ग से खेतिया की ओर भेजा जाएगा।
आयोजन स्थल के मुख्य मार्ग पर दोपहिया और चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों और आम नागरिकों से यातायात पुलिस द्वारा सुझाए गए डायवर्जन मार्गों का ही उपयोग करने की अपील की गई है।
छह पार्किंग जोन में होगी वाहनों की व्यवस्था
कार्यक्रम में आने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए पी-1 से पी-6 तक छह जोन निर्धारित किए गए हैं। पानसेमल बैरियर के पास पी-1 पार्किंग बनाई गई है। यहां 400 से अधिक वाहन खड़े किए जा सकेंगे। यह पार्किंग मुख्य कार्यक्रम स्थल से लगभग 5.9 किलोमीटर दूर है।
पलसूद रोड पर पी-2, पी-3 और पी-4 पार्किंग जोन बनाए गए हैं। इनमें पी-2 बड़े आकार का पार्किंग जोन है, जहां 400 से अधिक वाहन खड़े हो सकेंगे। पी-3 और पी-4 मध्यम आकार के जोन हैं, जिनमें 250 से अधिक वाहनों की पार्किंग की जा सकेगी। ये तीनों जोन मुख्य कार्यक्रम स्थल से लगभग 3.7 से 3.8 किलोमीटर दूर हैं।
सेंधवा रोड पर पी-5 और पी-6 पार्किंग जोन बनाए गए हैं। ये मुख्य कार्यक्रम स्थल से क्रमशः 0.85 किलोमीटर और 1.2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। ये मध्यम एवं बड़े आकार के पार्किंग जोन हैं। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि आवश्यकता पड़ने पर पार्किंग स्थलों की क्षमता बढ़ाई जाए।

प्रकाश, स्वास्थ्य और अग्नि सुरक्षा पर विशेष जोर
आयोजन मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एम्बुलेंस और अस्थायी अस्पताल की व्यवस्था कर पर्याप्त चिकित्सीय उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी को प्रतिदिन भोजनशाला से भोजन के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन स्थल की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। व्यापक निगरानी के उद्देश्य से कुल 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग करने की अपील की है।




