सेंधवा; अवैध हथियार बनाने वाले गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो सिकलीगर गिरफ्तार
सेंधवा ग्रामीण, सेंधवा शहर और नागलवाड़ी पुलिस की संयुक्त दबिश में रिवाल्वर, चार कट्टे और पांच कारतूस बरामद

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस ने अवैध हथियारों के निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक हस्तनिर्मित रिवाल्वर, चार कट्टे, पांच कारतूस और हथियार निर्माण सामग्री बरामद की। सामग्री की अनुमानित कीमत एक लाख रुपये बताई गई है।
खुरमाबाद में सूचना पर तीन टीमों ने दी दबिश
पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर और SDOP सेंधवा श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में जिले में अवैध हथियारों की धर-पकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सेंधवा ग्रामीण पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम खुरमाबाद के सिकलीगर मोहल्ले में अवैध हथियार बनाने और बेचने का काम किया जा रहा है तथा बाहरी लोगों का आना-जाना बना हुआ है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की तीन विशेष टीमों का गठन कर ग्राम खुरमाबाद में योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से अवैध हथियार और निर्माण सामग्री बरामद की गई।

कमल सिंह और रिशपाल से हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार कमल सिंह के कब्जे से तीन कट्टे, तीन कारतूस और हथियार निर्माण सामग्री मिली। वहीं रिशपाल के पास से एक रिवाल्वर, एक कट्टा, दो कारतूस और हथियार निर्माण सामग्री बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों में कमल सिंह पिता धर्म सिंह चावला (सिकलीगर), निवासी खुरमाबाद, थाना सेंधवा ग्रामीण शामिल है। पुलिस के अनुसार कमल सिंह के खिलाफ पूर्व से चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दूसरे आरोपी रिशपाल पिता जीवन सिंह सिकलीकर, निवासी खुरमाबाद, थाना सेंधवा ग्रामीण है।

एक लाख रुपये की सामग्री बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल एक हस्तनिर्मित रिवाल्वर, चार हस्तनिर्मित कट्टे, पांच जिंदा कारतूस तथा अवैध हथियार बनाने के उपकरण और सामग्री बरामद की है। बरामद सामग्री का कुल मूल्य लगभग एक लाख रुपये बताया गया है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सेंधवा ग्रामीण में आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में पृथक-पृथक मामले दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। अपराध क्रमांक 647/2026 एवं 648/2026 में धारा 25(1)a, 25(1)aa, 3/5 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

फरार साथियों की तलाश, ड्रोन से मैपिंग
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अवैध हथियार बनाने तथा सप्लायर गिरोह से जुड़े अन्य फरार साथियों के नाम बताए हैं। उनकी सूची तैयार कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गांव के बाहरी क्षेत्रों में स्थित अवैध निर्माण अड्डों को चिन्हित करने के लिए ड्रोन कैमरों से मैपिंग और सर्चिंग की जा रही है।
यह कार्रवाई SDOP श्री अजय वाघमारे के नेतृत्व में थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण ओ.पी. सिंह चोंगड़े, थाना नागलवाड़ी एवं थाना सेंधवा शहर पुलिस बल की संयुक्त टीम ने की। कार्रवाई में कुल 30 जवान शामिल रहे।




