खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी में जनसंवाद: मुस्लिम समाज के सहयोग से पुलिस ने सुनी नागरिकों की बात, पनवाड़ी में लगाए पांच CCTV कैमरे

महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर आयोजन, साइबर फ्रॉड, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर नागरिकों को किया जागरूक

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। बड़वानी में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में पुलिस ने जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। पनवाड़ी के दरगाह मैदान में हुए आयोजन में पुलिस और नागरिकों के बीच संवाद हुआ तथा सुरक्षा, साइबर फ्रॉड और यातायात को लेकर जानकारी दी गई।

दरगाह मैदान में हुआ पुलिस-जनसंवाद

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में आमजन के साथ समन्वय, सुरक्षा भावना और विश्वास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बड़वानी पुलिस ने “जनसंवाद – आपकी बात पुलिस के साथ” अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया। थाना बड़वानी द्वारा दरगाह मैदान, पनवाड़ी में मुस्लिम समाज के विशेष सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री महेश सुनैया, उप पुलिस अधीक्षक (अजा/अजजा) श्रीमती नीलेश्वरी डावर, डीएसपी श्री चेतन बघेल, थाना प्रभारी निरीक्षक श्री बलजीत सिंह बिसेन, रक्षित निरीक्षक श्री गजेंद्र निगवाल, रजनी भार्गव, यातायात प्रभारी श्री विनोद बघेल तथा साइबर एक्सपर्ट उप निरीक्षक श्री रितेश खत्री सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

पुलिस और जनता के बेहतर तालमेल पर जोर

जनसभा को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि “जनसंवाद का मूल उद्देश्य पुलिस और जनता के मध्य दूरी को समाप्त कर बेहतर तालमेल स्थापित करना है। समाज में शांति, सुरक्षा और सुदृढ़ कानून व्यवस्था तभी संभव है, जब नागरिक और पुलिस एक साथ मिलकर कार्य करें।”

उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से महिला एवं बालिका सुरक्षा, साइबर फ्रॉड से बचाव और सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति सजग रहने तथा सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा, “कर दिखाओ कुछ ऐसा कि दुनिया वाले करना चाहें आपके जैसा।”

साइबर फ्रॉड और यातायात नियमों को लेकर समझाइश

साइबर एक्सपर्ट उप निरीक्षक श्री रितेश खत्री ने “सजगता ही सुरक्षा है” का संदेश देते हुए डिजिटल फ्रॉड, लॉटरी स्कैम, फर्जी कॉल एवं सोशल मीडिया धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा OTP और गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने का आग्रह किया।

यातायात थाना प्रभारी श्री विनोद बघेल ने दोपहिया वाहन पर हेलमेट लगाने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने, नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का कड़ाई से पालन करने की समझाइश दी।

उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती नीलेश्वरी डावर ने महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षा उपायों और पुलिस द्वारा संचालित आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को विषम परिस्थिति में निडर होकर पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पनवाड़ी में पांच CCTV कैमरे

थाना प्रभारी बड़वानी निरीक्षक श्री बलजीत सिंह बिसेन ने सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण में CCTV कैमरों की भूमिका पर प्रकाश डाला। अभियान से प्रेरित होकर मुस्लिम समाज के सहयोग से पनवाड़ी क्षेत्र में पांच CCTV कैमरे स्थापित किए गए। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, कॉलोनियों एवं संवेदनशील स्थानों पर अधिक से अधिक CCTV कैमरे लगाने की अपील की।

मुस्लिम समाज के सदस्यों और नागरिकों ने रखे सुझाव

आयोजन में मुस्लिम समाज के सदस्यों, प्रबुद्ध जनों, महिलाओं एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। जिला सदर इदरीश खान, हाजी अब्दुल रहीम तिगाले, अब्दुल सत्तार मंसूरी, हाजी अब्दुल सादिक शेख, हाजी रहमत अली सैय्यद, हाजी फजलुर्रहमान शेख, मुजीब कुरैशी (पार्षद), राजू भाई गोले, वहाब कुरैशी, नौसेफ शेख, वसीम शेख, शनिद शेख, आयशा खालिक शेख, मुनव्वर आपा, असलम जोय, अब्दुल जब्बार शेख, हाजी अनीश चाचा, नूरुजमा (वकील साहब) एवं दारुल उलूम के बच्चे सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नागरिकों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष अपने सुझाव रखे, जिन्हें अधिकारियों द्वारा संवेदनशीलता से सुना गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!