बड़वानी में शादी का प्रलोभन देकर 2.25 लाख की ठगी, फरार महिला आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और नकदी बरामद
नागलवाड़ी क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, आरोपी महिला न्यायालय में पेश; अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। बड़वानी के नागलवाड़ी क्षेत्र में शादी का प्रलोभन देकर ठगी करने के मामले में पुलिस ने फरार महिला आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मामले में चांदी के आभूषणों सहित कुल 2.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। आरोपी से मोबाइल और नकदी बरामद हुई।
शादी का प्रलोभन देकर ठगी का मामला
पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने शादी-ब्याह के नाम पर आम जनता से मोटी रकम वसूलने और प्रलोभन देकर षड्यंत्रपूर्वक ठगी करने वाले गिरोहों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं SDOP सेंधवा श्री अजय वाघमारे के विशेष मार्गदर्शन में थाना नागलवाड़ी क्षेत्र में फरियादी से चांदी के आभूषणों सहित कुल 2,25,000 रुपये की धोखाधड़ी के मामले में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

फरार महिला आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार चल रही मुख्य महिला आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा उसे ‘लुटेरी दुल्हन’ बताया गया है। आरोपी महिला के कब्जे से मामले में प्रयुक्त मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है। मामले में अपराध क्रमांक 229/2026 दर्ज है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 316(5), 318(4), 61(2) और 3(5) लगाई गई हैं।

मोबाइल और चार हजार रुपये बरामद
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 4,000 रुपये नकद बरामद किए। मोबाइल फोन की कीमत लगभग 10,000 रुपये बताई गई है। इस तरह जप्त मशरूके की कुल कीमत 14,000 रुपये बताई गई है। आरोपी महिला को गिरफ्तार करने के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल यानी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस टीम का रहा योगदान
कार्रवाई में कार्यवाहक थाना प्रभारी उ.नि. कमलकिशोर, चौकी प्रभारी बालसमुद स.उ.नि. संजय शर्मा, म.प्र.आर. 252 हेमलता रोमड़े, चालक प्र.आर. 369 प्रेमसिंह बघेल, आर. 530 गगनसिंह मण्डलोई एवं आर. 486 मनोज बघेल का सराहनीय योगदान रहा।



