अंजड में 1.52 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोपी सराफा व्यापारी जयराज चौधरी गिरफ्तार
बड़वानी पुलिस के ‘ऑपरेशन हवालात’ के तहत कार्रवाई, तीन गंभीर प्रकरणों में वांछित आरोपी से रिमांड पर पूछताछ जारी

जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस ने ‘ऑपरेशन हवालात’ के तहत 1 करोड़ 52 लाख 16 हजार रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी के आरोपी सराफा व्यापारी जयराज चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध नकली सोना देने और निवेश राशि हड़पने सहित तीन प्रकरण दर्ज हैं।
ऑपरेशन हवालात में पुलिस को मिली बड़ी सफलता
अंजड। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एस.डी.ओ.पी. बड़वानी महेश सुनैया के मार्गदर्शन में अंजड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन हवालात’ के तहत सराफा व्यापारी जयराज पिता भगवान चौधरी (48 वर्ष), निवासी सिरवी मोहल्ला, अंजड को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोना चांदी डायमंड ज्वेलर्स, सराफा बाजार, अंजड का संचालक है। थाना प्रभारी निरीक्षक रेवाराम चौहान के नेतृत्व में गठित टीम ने 30 मई 2026 को घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। आरोपी पर कुल 1 करोड़ 52 लाख 16 हजार रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के आरोप हैं।
नकली सोना और निवेश राशि नहीं लौटाने के आरोप
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 455/2024 में फरियादी संजय पिता दिनेशचंद्र गोयल, निवासी धानमंडी अंजड ने सोना तैयार कराने के लिए आरोपी को 88 लाख 97 हजार रुपये दिए थे। आरोपी द्वारा दिया गया सोना जांच में नकली पाया गया। अपराध क्रमांक 313/2025 में फरियादी हीरालाल पिता भगवान सिरवी, निवासी अंजड ने 1.25 प्रतिशत मासिक ब्याज के आधार पर 37 लाख 83 हजार रुपये दिए थे, जिन्हें आरोपी ने वापस नहीं किया। वहीं अपराध क्रमांक 228/2026 में फरियादी अनिल पिता लुणाजी परिहार (50 वर्ष), निवासी सिरवी मोहल्ला, अंजड एवं अन्य लोगों से 25 लाख 36 हजार रुपये लेकर राशि वापस नहीं करने का आरोप है। पुलिस ने तीनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं।
न्यायालय से मिला पुलिस रिमांड
लगातार फरार चल रहे आरोपी जयराज चौधरी को 31 मई 2026 को माननीय न्यायालय अंजड में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ। रिमांड अवधि में आरोपी से कथित गबन की गई राशि की बरामदगी तथा अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में निरीक्षक रेवाराम चौहान, उनि दिनेश चंगोड, उनि रविन्द्र चौकले, सउनि अशोक भदौरिया, प्र.आर. 90 अजय यादव, आर. 95 सुनिल बर्डे एवं आर. 559 चंपालाल खोडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



