खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

ठीकरी में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर बड़वानी पुलिस और गायत्री परिवार की विशाल जनजागरण रैली

जनसंवाद, नशामुक्ति शपथ और जागरूकता रैली के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनभागीदारी का आह्वान

जनोदय पंच। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर ठीकरी में बड़वानी पुलिस और गायत्री परिवार ने संयुक्त रूप से विशाल रैली एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने नशामुक्त समाज, सामाजिक सुधार और जनभागीदारी पर जोर देते हुए 3D एवं 3S मुहिम की जानकारी साझा की।

नशामुक्त समाज के लिए निकली विशाल जागरूकता रैली

बड़वानी/ठीकरी। समाज को नशे और सामाजिक कुरीतियों से मुक्त बनाने के उद्देश्य से विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर बड़वानी पुलिस और गायत्री परिवार के संयुक्त तत्वावधान में थाना ठीकरी क्षेत्र में विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और सामाजिक सुधार का संदेश देना था। रैली के समापन के बाद गायत्री परिवार परिसर में वृहद जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और ग्रामीणजन शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान थाना ठीकरी क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से आए सरपंचों और गांव पटेलों का पुलिस अधीक्षक द्वारा पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया तथा उपस्थित नागरिकों और पुलिस बल को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

3D और 3S मुहिम पर दिया गया विशेष जोर

जनसंवाद कार्यक्रम में बड़वानी पुलिस द्वारा संचालित 3D मुहिम—दहेज, दारू (अवैध शराब) और डीजे (ध्वनि प्रदूषण) के खिलाफ चलाए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। साथ ही तंबाकू, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध कानूनी एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई पर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने बड़वानी पुलिस की नई 3S नीति—शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन—का खाका प्रस्तुत करते हुए कहा कि युवाओं को शिक्षा से जोड़ना, नशा प्रभावित लोगों को उपचार और परामर्श उपलब्ध कराना तथा रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसरों से जोड़ना प्राथमिकता होगी। कार्यक्रम में साइबर अपराध, साइबर फ्रॉड और यातायात नियमों के पालन के संबंध में भी जागरूक किया गया।

अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाजजनों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी महेश सुनैया, डीएसपी अजाक निलेश्वरी डावर, तहसीलदार ठीकरी जगदीश वर्मा, रक्षित निरीक्षक बड़वानी चेतन बघेल, थाना प्रभारी ठीकरी नाथू सिंह रंधा, यातायात प्रभारी बड़वानी रजनी भार्गव एवं सूबेदार अलका वास्केल उपस्थित रहे। इसके अलावा भिलाला-बारेला, कोली समाज के वरिष्ठजन, ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्य, गायत्री परिवार के जिला समन्वयक विक्रम जमरे, प्रांतीय प्रतिनिधि महेंद्र भावसार, श्याम महाजन, तुलसीराम पाटीदार, ध्यानसिंह वास्कले, लक्ष्मण जी चौहान, गायत्री दसौंधी दीदी, राजवंत मेवाड़े, नगर परिषद ठीकरी के प्रतिनिधि सुमित जायसवाल, जयेश, कार्यकर्ता राहुल वास्कले, पूनम पवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में थाना प्रभारी नाथू सिंह रंधा एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन गायत्री परिवार के राकेश मेवाड़े द्वारा किया गया।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!