बड़वानी में तंबाकू निषेध दिवस पर कार्यक्रम आयोजित, नशा मुक्ति का दिलाया गया संकल्प

बड़वानी; बड़वानी में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर एक जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन अखिल विश्व गायत्री परिवार, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जन अभियान परिषद और शहीद भीमानायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा ध्वज वंदन, गायत्री माता, आचार्य श्रीराम शर्मा और वेदमाता के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अतिथियों के स्वागत के बाद सामूहिक वंदे मातरम का गान किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला और उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सुमेरसिंह सोलंकी ने अपने संबोधन में नशे को सामाजिक और पारिवारिक बिखराव का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि नशा देश और परिवारों में टूटन पैदा करता है, जिससे व्यक्ति का मस्तिष्क खराब होता है और यह झगड़े व बर्बादी का कारण बनता है।

सांसद सोलंकी ने एक उदाहरण देते हुए कहा कि जब एक व्यक्ति अपनी जर्जर मोटरसाइकिल के इंजन के लिए पेट्रोल की शुद्धता की चिंता करता है, तो हमें भी भगवान द्वारा बनाए गए इस शरीर रूपी इंजन को शुद्ध रखने के लिए नशे से दूर रहना चाहिए। उन्होंने युवा पीढ़ी और समाज के सभी वर्गों से आग्रह किया कि वे स्वयं नशा छोड़ें और अपने रिश्तेदारों, गांव तथा देश के लोगों को भी नशा मुक्ति अभियान से जोड़ें।



