जल गंगा संवर्धन अभियान में लापरवाही बरतने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई – कलेक्टर
प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल का 15 एवं 16 मई को रहेगा प्रस्तावित जिला प्रवास

बड़वानी। कलेक्टर जयति सिंह ने बुधवार कलेक्ट्रेट सभागृह में आयोजित समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि जलगंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले की जल संरचनाओं के पुनरुद्धार में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि जहाँ भी कार्य की प्रगति धीमी है या ढिलाई पाई गई है, वहाँ तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इस अभियान की सफलता के लिए राजस्व विभाग की टीमों के साथ मिलकर समन्वय से कार्य किया जाए, ताकि कार्यों में अपेक्षित गति आ सके।
इसी बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री तथा मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. गौतम टेटवाल के 15 और 16 मई को होने वाले प्रस्तावित दो दिवसीय दौरे की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। प्रवास के दौरान प्रभारी मंत्री निवाली जनपद के विभिन्न ग्रामों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे और शासन के विभिन्न जन-कल्याणकारी अभियानों में सक्रिय रूप से सहभागिता करेंगे। सभी दौरे से पूर्व सभी आवश्यक प्रबंध पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।



