खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी में जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने सुनीं 44 आवेदकों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश

भूमि विवाद, राजस्व रिकॉर्ड सुधार और रास्ते की समस्या सहित विभिन्न मामलों में प्राप्त हुए आवेदन

जनोदय पंच। बड़वानी में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में 44 आवेदकों ने अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों पर तत्काल प्रकरण दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करने तथा जटिल मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

13 अक्टूबर 2026। राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाती है। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने जिले के दूरस्थ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं।

जनसुनवाई में मुख्य रूप से भूमि सीमांकन, राजस्व रिकॉर्ड में सुधार, ड्रोन सर्वे में नाम अपडेट कराने, सामाजिक सुरक्षा, कृषि भूमि पर आने-जाने के लिए रास्ता उपलब्ध कराने, अतिक्रमण एवं अवैध कब्जा हटाने, भू-अर्जन तथा पुलिस विभाग से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर तत्काल प्रकरण दर्ज कर तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही जटिल प्रकरणों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अर्पित गुप्ता, अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

पैतृक भूमि पर रास्ता बंद होने की शिकायत

ठीकरी तहसील के ग्राम डांगरीपुरा निवासी श्री रूखडिया पिता भीमा ने आवेदन देकर बताया कि उनकी पैतृक भूमि पर आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे फसल खराब हो रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में तहसीलदार एवं एसडीओ कार्यालय द्वारा रास्ता चिह्नित किया गया था, लेकिन विपक्षीगण ने दोबारा रास्ता बंद कर दिया।

इस मामले में कलेक्टर ने तहसीलदार ठीकरी को मौके पर जांच कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।

ड्रोन सर्वे में नाम अपडेट कराने का आवेदन

ग्राम बोरलाय निवासी श्री बाबूलाल ने ड्रोन सर्वे में अपना नाम अद्यतन कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर अपर कलेक्टर ने आवेदन तहसीलदार बड़वानी को प्रेषित करते हुए उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!