बड़वानी- खरगोन। ऑपरेशन प्रहार के तहत निमाड़ रेंज में बड़ी कार्रवाई, तीन महीने में 5.14 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त
बड़वानी और खरगोन में गांजा तस्करी के सर्वाधिक मामले, चार जिलों में 33 प्रकरण दर्ज

जनोदय पंच। बड़वानी- खरगोन। निमाड़ रेंज पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, खरीद-बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन प्रहार के तहत पिछले तीन महीनों में 33 प्रकरण दर्ज किए हैं। इस दौरान करीब 5 करोड़ 14 लाख रुपये मूल्य के प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त किए गए। कार्रवाई खरगोन, खंडवा, बड़वानी और बुरहानपुर जिलों में की गई।
पुलिस महानिरीक्षक, इंदौर जोन (ग्रामीण) अनुराग के मार्गदर्शन और पुलिस उप महानिरीक्षक, निमाड़ रेंज खरगोन सिमाला प्रसाद के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। रेंज के सभी जिलों में कार्रवाई के लिए रेंज स्तर से विशेष पुलिस बल भी उपलब्ध कराया गया। पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीनों में अलग-अलग मादक पदार्थों के मामलों में कुल 33 प्रकरण दर्ज कर जब्ती की गई है।
गांजा तस्करी के 25 प्रकरण, 114 क्विंटल गांजा जब्त
गांजे के अवैध कारोबार के विरुद्ध 25 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें बड़वानी जिले में 13, खरगोन जिले में 10 और खंडवा जिले में दो प्रकरण शामिल हैं। इन सभी मामलों में कुल 114 क्विंटल गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत पांच करोड़ रुपये बताई गई है।
ब्राउन शुगर और एमडी क्रिस्टल भी जब्त
ब्राउन शुगर के छह प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें खरगोन जिले के पांच और खंडवा जिले का एक प्रकरण शामिल है। इन मामलों में कुल 63.60 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत सात लाख रुपये है।
वहीं, खरगोन जिले में एमडी क्रिस्टल के एक प्रकरण में 70 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया। इसकी कीमत सात लाख रुपये बताई गई है।
खंडवा में अल्प्राजोलम की 395 टैबलेट जब्त
खंडवा जिले में प्रतिबंधित दवाओं के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अल्प्राजोलम टैबलेट के एक प्रकरण में 395 टैबलेट जब्त की गईं। इनकी अनुमानित कीमत 700 रुपये बताई गई है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान
निमाड़ रेंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध ऑपरेशन प्रहार के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस के अनुसार, युवाओं को नशे के जाल में धकेलने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान पूरी प्रतिबद्धता और कठोरता से चलाया जाएगा तथा अवैध गतिविधियों में शामिल अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।




