शान्ति, सुरक्षा व सौहार्दपूर्ण वातावरण हेतु थाना ठीकरी, सिलावद एवं चौकी बालसमन्द में शान्ति समिति एवं डीजे संचालकों की विशेष बैठक आयोजित

बड़वानी: आगामी त्यौहार नवरात्रि, दशहरा तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पथ संचलन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु आज थाना ठीकरी, थाना सिलावद एवं चौकी बालसमंद (थाना नागलवाड़ी) परिसर में शान्ति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, माताजी पांडालों के आयोजकों, व्यापारी वर्ग, सर्व समाज के प्रमुखों एवं क्षेत्र के वरिष्ठ व गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

शासन के दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा:
बैठक के दौरान आगामी पर्वों और कार्यक्रमों के सुचारू संचालन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित अधिकारियों द्वारा शासन एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई तथा पांडालों में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन के उपाय एवं यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखने की अपील की गई।

डीजे संचालकों के साथ विशेष जन-संवाद:
कार्यक्रम के दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा क्षेत्र के डीजे एवं साउंड सिस्टम संचालकों के साथ एक विशेष जन-संवाद एवं बैठक का आयोजन भी किया गया। इसमें डीजे संचालकों को सर्वोच्च न्यायालय एवं शासन के ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों से अवगत कराया गया। उन्हें निर्धारित समय-सीमा, नियंत्रित आवाज (डेसिबल सीमा) तथा धार्मिक/सांस्कृतिक मर्यादाओं का पालन करते हुए ही साउंड सिस्टम बजाने के कड़े निर्देश दिए गए।

बैठक में नायब तहसीलदार, नगर परिषद ठीकरी के सीएमओ, पुलिस प्रशासनिक अधिकारीगण, ग्राम व नगर रक्षा समिति के सदस्य गण तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्यौहार मनाने का संकल्प लिया।




