खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

सेंधवा में जयस ने सौंपा ज्ञापन, लोकेश मुजाल्दा को सुरक्षा और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग तेज

राज्यपाल के नाम ग्रामीण थाना प्रभारी को ज्ञापन, वाहन पर हमले की घटना को लेकर उठाई सुरक्षा की मांग

जनोदय पंच। जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल महोदय के नाम ग्रामीण थाना प्रभारी सेंधवा को ज्ञापन सौंपकर जयस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट लोकेश मुजाल्दा को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा उनकी फॉर्च्यूनर वाहन पर हमला करने वाले मुख्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। ज्ञापन में घटना को गंभीर बताते हुए जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।

आदिवासी अधिकारों के मुद्दों पर सक्रिय नेतृत्व

ज्ञापन में बताया गया कि जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट लोकेश मुजाल्दा विगत कई वर्षों से आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों, जल-जंगल-जमीन, सामाजिक न्याय, आदिवासी अत्याचारों तथा जनहित के विभिन्न मुद्दों पर निरंतर संघर्ष और नेतृत्व करते आ रहे हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश एवं देशभर में अनेक लोकतांत्रिक आंदोलन और जनजागरण अभियान संचालित किए गए हैं, जिससे बड़ी संख्या में आदिवासियों को न्याय और अधिकार प्राप्त करने में सहायता मिली है।

धमकियों के बीच वाहन पर हमला

ज्ञापन के अनुसार एडवोकेट लोकेश मुजाल्दा को पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, जो प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जारी हैं। इसी दौरान 16 जून 2026 की रात्रि में उनके निवास पर खड़ी फॉर्च्यूनर वाहन क्रमांक MP-07-CF-8308 पर अज्ञात हमलावरों द्वारा हमला कर तोड़फोड़ की गई। इस घटना में वाहन का अगला कांच (विंडशील्ड) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जीवन पर खतरे की आशंका जताई

ज्ञापन में कहा गया कि घटना की परिस्थितियों से प्रतीत होता है कि हमलावरों का उद्देश्य केवल वाहन को नुकसान पहुंचाना नहीं था, बल्कि एडवोकेट लोकेश मुजाल्दा को शारीरिक क्षति पहुंचाने अथवा उनके जीवन पर हमला करने का प्रयास भी हो सकता था। घटना के समय उनके वाहन में मौजूद नहीं रहने से एक बड़ी अनहोनी टल गई। जयस ने इसे आदिवासी समाज की आवाज उठाने वाले सामाजिक नेतृत्व को भयभीत करने का प्रयास बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में सौंपा ज्ञापन

ज्ञापन सौंपने के दौरान महेन्द्र सेनानी, जयस जिला उपाध्यक्ष बड़वानी, उमेश डुडवे, महेश डावर, अमिल डूडवे, विजय सेनानी, नरेन्द्र सोलंकी, अमित नरगांवे, मुकेश किराड़े, प्रकाश बड़ोले, प्रकाश जाधव, विकास सेनानी, छोटु जाधव, मुन्ना आर्य सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!