बड़वानी के जितेंद्र वाघ ने पैरा क्रिकेट लीग में मचाया धमाल, फाइनल में दो विकेट लेकर दिल्ली डायनामोज को जिताया खिताब
रेडियंट वर्ल्ड पैरा क्रिकेट लीग-2026 में पांच मैचों में झटके नौ विकेट, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कर चुके हैं भारत का प्रतिनिधित्व

जनोदय पंच। बड़वानी। जिले के मोरतलाई गांव के पैरा क्रिकेटर ने आगरा में आयोजित रेडियंट वर्ल्ड पैरा क्रिकेट लीग-2026 में शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम को खिताब दिलाने में अहम योगदान दिया। उन्होंने पांच मुकाबलों में नौ विकेट लिए। फाइनल में दो विकेट हासिल कर टीम की जीत में भूमिका निभाई।
फाइनल में दो ओवर में झटके दो विकेट
बड़वानी जिले की पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के मोरतलाई निवासी जितेंद्र विनोद वाघ ने 6 से 11 अक्टूबर तक आगरा में हुई प्रतियोगिता में दिल्ली डायनामोज की ओर से हिस्सा लिया। खिताबी मुकाबले में उन्होंने दो ओवर गेंदबाजी करते हुए दो विकेट लिए। पूरे टूर्नामेंट में उनके खाते में नौ विकेट रहे।

सेमीफाइनल में भी किया प्रभावी प्रदर्शन
जितेंद्र वाघ ने सेमीफाइनल मुकाबले में विपक्षी टीम के एक बल्लेबाज को आउट किया। इस विकेट के बाद विपक्षी टीम पर दबाव बढ़ा और दिल्ली डायनामोज को मुकाबले में वापसी का मौका मिला। प्रतियोगिता के अंत में दिल्ली डायनामोज ने खिताब अपने नाम किया।

भारतीय टीम के लिए भी खेल चुके हैं जितेंद्र
जितेंद्र वाघ का भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के लिए चयन हो चुका है और वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। घरेलू क्रिकेट में वे महाराष्ट्र की ओर से राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में भी खेल चुके हैं। दिसंबर 2025 में भारतीय दिव्यांग टी-20 क्रिकेट टीम के लिए उनके दूसरी बार चयन की खबर सामने आई थी।
आयोजकों के प्रति जताया आभार
जितेंद्र वाघ ने प्रतियोगिता के आयोजन और पैरा क्रिकेट खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने के लिए आयोजक ओसीम खेत्रपाल, दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया के महासचिव हारून रशीद, उपाध्यक्ष डॉ. भगवान तलवारे और सीईओ गजल खान सहित आयोजन से जुड़े लोगों का आभार जताया।



