खेतिया। भागवत कथा के षष्ठम दिवस रुक्मिणी-श्रीकृष्ण विवाह उत्सव धूमधाम से मनाया

खेतिया। शिव पिपलेश्वर गणेश मित्र मंडल द्वारा गणेशोत्सव के पावन पर्व पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के षष्ठम दिवस रुक्मिणी-श्रीकृष्ण विवाह उत्सव बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विवाह प्रसंग के दौरान श्रद्धालु भक्ति और आनंद में झूम उठे तथा बाराती बनकर उत्सव में शामिल हुए।
भागवत कथा के अवसर पर पानसेमल क्षेत्र के विधायक श्याम जी बरडे, नगर परिषद खेतिया अध्यक्ष दशरथ आनंदा निकुम, श्रीकृष्ण गौशाला के संत संतोष चैतन्य बापूजी, जिला भाजपा महामंत्री सचिन चौहान एवं भाजपा खेतिया मंडल अध्यक्ष रामचंद्र सोनिस सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक श्याम जी बरडे ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक वातावरण बनता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों में उनकी ओर से जो अपेक्षा होगी, उसे पूरा करने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे।

रुक्मिणी-श्रीकृष्ण विवाह प्रसंग के दौरान श्रद्धालुओं ने बाराती बनकर उत्सव का आनंद लिया। कथा के माध्यम से प्रतिदिन श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान एवं धर्म की सीख दी जा रही है। कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं पुरुष वर्ग उपस्थित हो रहे हैं।
भागवत कथा में प्रतिदिन प्रस्तुत किए जाने वाले प्रसंगों के पात्रों का सजीव चित्रण भी किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को कथा के प्रसंगों को समझने और उनसे जुड़ने का अवसर मिल रहा है। कथा समापन के बाद 11 दंपतियों द्वारा आरती की जाती है।



