खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने ग्राम वझर में की रात्रि चौपाल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण,  हितग्राहियों को बांटे हितलाभ

बड़वानी ;  मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल की अध्यक्षता में आज जनपद पंचायत निवाली के ग्राम वझर में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आयोजित इस चौपाल में सरकार सीधे जनता के द्वार पहुँची, जहाँ ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनकी समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु आश्वस्त किया गया।

नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण
इस दौरान प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने ग्राम वझर में 295.45 लाख रूपये से नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विधि-विधान से लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण अंचल में सुलभ, सस्ती और त्वरित चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगा। अब ग्रामीणों को सामान्य व आपातकालीन इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

चौपाल में सुनीं जन-समस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश
प्रभारी मंत्री डॉ. टेटवाल ने दूर ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद जिला व जनपद स्तर के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। शासन की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुँचाने और उनका वास्तविक फीडबैक लेने का रात्रि चौपाल सबसे सशक्त और प्रभावी माध्यम है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार अंतिम छोर के व्यक्ति तक विकास पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण
इस अवसर पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को मंच से हितलाभ और स्वीकृति पत्रों का वितरण भी किया गया। इस दौरान लोकसभा सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल, पानसेमल विधायक श्री श्याम बरड़े, कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह, जिला पंचायत सीईओ सुश्री काजल जावला, सहायक कलेक्टर श्री माधव अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!