बड़वानी जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ प्रदर्शन, प्रशासन से सख्त कार्रवाई और प्रतिबंध की मांग
ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में बढ़ती अवैध शराब बिक्री को जनसुरक्षा और युवाओं के लिए खतरा बताया गया।

जनोदय पंच। बड़वानी जिले में अवैध शराब के भंडारण, परिवहन और खुलेआम बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर सेंधवा में ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, सड़क दुर्घटनाओं और जनसुरक्षा पर पड़ रहे प्रभाव को गंभीर चिंता का विषय बताया गया।
अवैध शराब बिक्री के खिलाफ सौंपा ज्ञापन
संपूर्ण बड़वानी जिला, जो पाँचवीं अनुसूची क्षेत्र अंतर्गत आता है, में अवैध शराब बिक्री और सप्लाई के विरोध में शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय बड़वानी के नाम ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। यह ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सेंधवा के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में किराना दुकानों, पान दुकानों, छोटे ढाबों, अस्थायी स्थानों तथा शादी-ब्याह और स्थानीय आयोजनों में देसी और विदेशी शराब का खुलेआम विक्रय किया जा रहा है। साथ ही बाइक और चारपहिया वाहनों से अवैध शराब की सप्लाई भी लगातार बढ़ रही है।
ज्ञापन में बताया गया कि अवैध शराब की बढ़ती उपलब्धता के कारण 12 से 20 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों और युवाओं सहित वयस्कों में नशे की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है। इसके चलते नशे की हालत में वाहन चलाने की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि में भी वृद्धि हुई है। इसे जनसुरक्षा के लिए गंभीर स्थिति बताया गया।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में संविधान की पाँचवीं अनुसूची और पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों में विस्तार) अधिनियम 1996 का उल्लेख करते हुए ग्राम सभाओं के अधिकारों का सम्मान करने की मांग की गई। प्रशासन से अपेक्षा की गई कि अवैध शराब के खिलाफ सख्त और लगातार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन में अवैध शराब के सभी ठिकानों पर त्वरित कार्रवाई, अवैध बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध, सप्लाई पर निगरानी, शादी-ब्याह और आयोजनों में शराब बिक्री पर रोक तथा आबकारी, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा नियमित छापामार कार्रवाई की मांग रखी गई। जनहित, जनस्वास्थ्य और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा जताई गई।
कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान कृपोरलाल खर्ते, नेशनल कोऑर्डिनेटर अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी खरगोन, सीताराम बर्डे, जनपद उपाध्यक्ष सेंधवा, इकबाल शाह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष, परसराम सेनानी, महासचिव जिला कांग्रेस कमेटी बड़वानी, अनिल रावत, प्रशांत सेन, प्रिंस शर्मा, मोनू गोयल, सलीम खत्री, अजय द्विवेदी, किशोर राठौड़, संजय गुप्ता, सुरेश गुप्ता, कय्यूम पेंटर, पार्षद महेंद्र सेनानी, महेश डावर, नीलू आर्य, अर्पित डूडवे, विजय सेनानी, राजेश सुलिया, विकाश सेनानी, सुनील डुडवे, राजाराम जाधव, राजाराम कनास्या, राहुल जमरा और हरदास सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



