बड़वानी में एसपी पद्मविलोचन शुक्ल की जनसुनवाई, छह शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मारपीट, जमीन विवाद, लेन-देन और महिला संबंधी मामलों पर सुनवाई, अधिकारियों को पारदर्शी कार्रवाई के निर्देश

जनोदय पंच। बड़वानी में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में नागरिकों ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं। छह प्रकरणों की सुनवाई कर संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए तथा लंबित मामलों की समीक्षा भी की गई।
जनसुनवाई में सुनी गईं नागरिकों की समस्याएं
बड़वानी में आमजन की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और न्यायोचित निराकरण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित जिले के सभी थाना परिसरों में एक साथ आयोजित इस जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराईं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मारपीट, जमीन विवाद, आपसी लेन-देन और महिला संबंधी कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं।
त्वरित कार्रवाई और निष्पक्ष जांच के निर्देश
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित एवं वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की गई। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता देने, गंभीर मामलों में तत्काल कार्रवाई करने तथा लंबित प्रकरणों की पारदर्शी और जवाबदेह जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
पुलिस-जनता विश्वास को बताया सबसे बड़ी शक्ति
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि “देशभक्ति-जनसेवा” के मूल मंत्र को व्यवहार में उतारना पुलिस विभाग की प्राथमिकता है। प्रत्येक पीड़ित को यह विश्वास होना चाहिए कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसे समय पर न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास ही पुलिस व्यवस्था की सबसे बड़ी शक्ति है। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, निरीक्षक श्रीमती सुनीता मंडलोई सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।



