खरगोन-बड़वानीअपराधमुख्य खबरे

जुलवानिया में चलती इंदौर-मुंबई बस पर पथराव, पांच से अधिक यात्री घायल,

जुलवानिया थाना क्षेत्र में देर रात हुई वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के जुलवानिया थाना क्षेत्र में इंदौर से मुंबई जा रही कौशल ट्रेवल्स की बस पर अज्ञात बदमाशों ने पथराव कर दिया। घटना में बस का अगला कांच टूट गया और पांच से अधिक यात्री घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच और सर्चिंग शुरू कर दी है।

चलती बस पर पथराव, यात्री हुए घायल

बड़वानी जिले के जुलवानिया थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात इंदौर से मुंबई जा रही कौशल ट्रेवल्स की यात्री बस पर अज्ञात बदमाशों ने पथराव कर दिया। एबी रोड पर हुई घटना में बस का अगला कांच टूट गया, जिससे पांच से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जुलवानिया में भर्ती कराया गया। बस में सवार यात्री पहरा ने बताया कि रात करीब 11 बजे जुलवानिया से सेंधवा रोड के बीच अचानक कुछ अज्ञात बदमाशों ने बस पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिए। टूटे कांच के टुकड़े आगे बैठे यात्रियों को लगे। बस में लगभग 40 से 45 यात्री सवार थे।

चालक ने बताई पूरी घटना

बस चालक श्यामलाल के अनुसार, जुलवानिया थाना क्षेत्र के एबी रोड पर तीन बदमाशों ने बस को निशाना बनाया। कांच टूटते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने बताया कि बस अनियंत्रित होकर नहीं पलटी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में पांच यात्रियों को कांच लगने से चोटें आईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, एबी रोड पर पुलिस वाहन लगातार गश्त कर रहा था, इसके बावजूद बदमाशों ने चलती बस पर हमला कर दिया।

पुलिस ने शुरू की सर्चिंग और जांच

घटना की सूचना मिलते ही जुलवानिया थाना प्रभारी सौरभ बाथम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। थाना प्रभारी सौरभ बाथम ने बताया कि घायल यात्रियों का उपचार जारी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में एबी रोड और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और उनकी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!