सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा। मुंबई-आगरा हाईवे पर दो हादसों से मचा हड़कंप, एक चालक की मौत, दूसरा गंभीर

जामनिया और गवाड़ी क्षेत्र में अलग-अलग समय पर हुई दुर्घटनाओं के बाद पुलिस ने राहत एवं जांच कार्य शुरू किया।

जनोदय पंच। सेंधवा। मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर गुरुवार रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं। जामनिया के पास ट्रकों की टक्कर में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि गवाड़ी हाई स्कूल के निकट हुए हादसे में ट्रेलर चालक की मौत हो गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

जामनिया के पास खड़े ट्रक से टकराया दूसरा वाहन

मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर जामनिया के समीप मुंबई की ओर जाने वाली लेन में पहला हादसा हुआ। सड़क किनारे खड़े ट्रक क्रमांक आरजे 05 जीबी 3545 को पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक एचआर 55 एपी 6663 ने टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलने पर दुर्घटना सहायता समूह के सदस्य गौतम धरम, बिजासन चौकी पुलिस और अन्य ट्रक चालकों ने संयुक्त प्रयास कर चालक को बाहर निकाला। करीब आधे घंटे चले राहत कार्य के बाद घायल चालक साजिद, पिता मजीत, निवासी अलवर (राजस्थान) को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

गवाड़ी हाई स्कूल के पास हुआ दूसरा हादसा

इसी रात करीब दो बजे गवाड़ी हाई स्कूल के निकट गतिरोधक के पास दूसरा हादसा हुआ। ट्रेलर क्रमांक एमएच 18 बीजेड 3391 अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गया। टक्कर के बाद चालक छोटू मुवेल (35), निवासी मनावर, वाहन में दब गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, ट्रेलर मनावर से महाराष्ट्र के नरडाना की ओर जा रहा था।

पुलिस ने कराया यातायात बहाल

दोनों दुर्घटनाओं की सूचना मिलते ही बिजासन पुलिस घटनास्थलों पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसों के चलते कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने व्यवस्थित कर सामान्य कराया। दोनों मामलों में दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!