लायंस कान्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में स्कूल कैबिनेट ने ली अपने कर्तव्यों की शपथ

जनोदय पंच। सेंधवा। लायंस कान्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल के सत्र 2026 – 27 हेतु गठित स्कूल कैबिनेट का शपथ विधि समारोह लायंस क्लब अध्यक्ष श्याम सुंदर तायल और अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। शपथ-विधि समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व, उत्तरदायित्व, समर्पण और अनुशासन के भाव विकसित करना था। इसके पूर्व विद्यालय में ही स्कूल के हेड बॉय और हेड गर्ल का चुनाव प्रत्यक्ष मतदान विधि से हुआ जिसमें विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ में भाग लिया था।
समारोह का शुभारंभ माता सरस्वती की प्रतिमा के पूजन, माल्यार्पण और स्कूल ध्वजारोहण एवं विद्यालय गान के साथ शुरू हुआ। इसके पश्चात लायंस क्लब अध्यक्ष श्याम सुंदर तायल, कोषाध्यक्ष पीयूष दुबे, स्कूल चेयरमैन श्याम तायल एवं स्कूल प्राचार्य ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों और विभिन्न हाउस के प्रतिनिधियों को उनके पदों की अलंकरण पट्टीका तथा बैज प्रदान किए। इसके बाद स्कूल के प्राचार्य आशुवेन्द्र सिंह ने स्कूल कैबिनेट के हेड बॉय वासु शर्मा, हेड गर्ल जिकरा पटेल, डिप्टी हेड बॉय कृष्णा गोरे, डिप्टी हेड गर्ल उन्नति यादव, स्कूल डिसिप्लिन हेड गविश शर्मा, स्कूल स्पोर्ट्स हेड कृष्णा राठौर, स्कूल कल्चरल हेड योगिता जाधव, इंग्लिश लैंग्वेज क्लब हेड काशिफा शेख, लिटररी हेड अल्फिया डोसानी, एनवायरमेंट सेक्रेट्री तेजस सावदे को अपने पद और कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ दिलाई और कहा कि सभी पदाधिकारी अनुशासन में रहते हुए विद्यालय की प्रगति के भागीदार बनकर विद्यालय को उन्नति के शिखर पर पहुँचाने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे। इस दौरान लायंस क्लब अध्यक्ष श्री श्याम सुंदर तायल ने अपने उद्बोधन में नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि पद की शपथ लेना महत्वपूर्ण नहीं है अपने कर्तव्य और कम से उस पद के महत्वपूर्ण होता है। आप सभी पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ अपने शिक्षको के निर्देशन में विद्यालय के हित के लिए कार्य करते रहे। आयोजन के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन छात्रा अनुष्का पंकज जोशी,नमीता धारसे, रीशिका वर्मा,और सक्षम मालवीय ने किया।




