खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी के राजपुर में मक्का की फसल के बंटवारे पर युवक की हत्या, पुलिस ने आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार किया

बुदरा गांव के पटेल फलिया में वारदात, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतारसी के आधार पर आरोपी को पकड़ा; न्यायालय ने भेजा जेल

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बुदरा में मक्का की फसल में हिस्सेदारी को लेकर हुए विवाद में 24 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की और कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

बड़वानी, 13 अक्टूबर 2026। पुलिस चौकी भागसुर, थाना राजपुर के अंतर्गत ग्राम बुदरा के पटेल फलिया में 13 अक्टूबर को हत्या की वारदात सामने आई। पुलिस के अनुसार, मक्का की फसल के साझे के हिस्से को लेकर हुए विवाद के चलते पेमा उर्फ प्रेमसिंह वास्कले (60), निवासी ग्राम बुदरा ने अजय वास्कले (24), पिता पप्पू वास्कले, निवासी बुदरा के पेट में चाकू मार दिया। घटना में अजय की मौत हो गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित की टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी राजपुर बी.एल. अटोदे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजपुर माधवसिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस चौकी भागसुर की टीम ने कार्रवाई शुरू की।

कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा

पुलिस के अनुसार, गठित टीम ने लगातार पतारसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी पेमा उर्फ प्रेमसिंह को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इस मामले में अपराध क्रमांक 578/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296(b), 109(1) और 103(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका

मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी राजपुर निरीक्षक माधवसिंह ठाकुर, चौकी प्रभारी भागसुर उपनिरीक्षक आशिक खान, प्रधान आरक्षक राकेश अण्डेलकर, प्रधान आरक्षक कमल ब्राहम्णे और आरक्षक दीपक जमरा की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!