बड़वानी में पिता की हत्या का आरोपी 35 दिन बाद गिरफ्तार, आमलाली जंगल से पुलिस ने दबोचा
सोशल मीडिया पर परिवार को धमकी देने वाला आरोपी मंदिर की छत से कूदकर भागने का प्रयास करते पकड़ा गया।

जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस ने पिता की हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को 35 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आमलाली और बावनगजा के जंगलों में छिपा था तथा सोशल मीडिया के माध्यम से परिवार को धमकी भी दे रहा था।
पिता की हत्या कर फरार हुआ था आरोपी
20 अप्रैल 2026 को चंदन पिता जगन बड़ोले निवासी ग्राम पीछोड़ी द्वारा अपने पिता की हत्या कर फरार होने पर थाना कोतवाली में धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
जंगलों में लगातार चलाया गया सर्च अभियान
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर तथा एसडीओपी महेश सुनैया के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने बावनगजा एवं आसपास के दुर्गम जंगलों में लगातार सर्च अभियान चलाया। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर परिवार को धमकी भी दी थी, जिसके बाद पीड़ित परिवार के घर सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई थी।
मंदिर की छत से कूदकर भागने का प्रयास
25 मई 2026 को सूचना मिलने पर पुलिस ने आमलाली जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की। तलाशी के दौरान आरोपी जंगल में स्थित मंदिर के पास दिखाई दिया। पुलिस को देखकर आरोपी ने मंदिर की छत से छलांग लगाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। कार्रवाई में निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन, उप निरीक्षक रवि ठाकुर, जगजोध सिंह, अजमेर सिंह, संजय सोलंकी, आत्माराम खोड़े सहित पुलिस एवं साइबर टीम की भूमिका रही।



