बड़वानी जनसुनवाई में 70 आवेदकों ने रखीं समस्याएं, कलेक्टर जयति सिंह ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
लोडिंग वाहनों की समस्या, रास्ता बहाल कराने और शासकीय योजनाओं के लाभ सहित विभिन्न मामलों पर अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश

बड़वानी; प्रति मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय बडवानी में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 70 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना एवं प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्याओं का निराकरण समय सीमा में और प्रभावी ढंग करने के निर्देश दिए ताकि आम जनता को आसानी हो।
लोडिंग वाहनो को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाये
जनसुनवाई में बड़वानी नगर के वार्ड क्रमांक 22 के निवासियो ने सामुहिक रूप से उपस्थित होकर बताया कि बड़वानी नगर के राजेन्द्र मार्ग खदान मोहल्ला पोस्टमार्टम कक्ष से भवानी माता मंदिर तक मुख्य सड़क के दोनो तरफ प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोडिंग वाहन खड़े रहते है। इस कारण आवागमन में परेशानियो का सामना करना पड़ता है। कही बार पोस्टमार्टम के लिये आने वाले वाहनो को भी जाम का सामना करना पड़ता है। इसलिये सार्वजनिक सुविधा एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुये उक्त स्थान पर खड़े होने वाले लोडिंग वाहनो को स्थाई रूप से किसी अन्य उपयुक्त स्थल पर स्थानांतरित किया जाये । जिससे आवागमन में परेशानियो का सामना न करना पड़े । इस पर जनसुनवाई कर रही कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने आवेदन में सीएमओ बड़वानी को कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
आने-जाने हेतु रास्ता दिलवाया जाये
जनसुनवाई में ग्राम बघाड़ी निवासी श्री राजनाथ पिता नानाबाउ ने आवेदन देकर बताया कि खसरा क्रमांक 371/2 नम्बर राजनाथ एवं सहखातेदार मेरी माताजी श्याणीबाई के नाम से चल रहा है। उक्त कृषि भूमि पर इंदिरा सागर की मायनर नहर का निर्माण किया गया है। मायनर नहर पर जो रास्ता बनाया गया था, नहर फुटने से 12 फीट गहरा खड्डा हो गया है। जिसके कारण से आने जाने का रास्ता बंद होने से कृषि संसाधन लाने ले जाने में परेशानियो का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जनसुनवाई कर रही कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने आवेदन को एनव्हीडीए क्रमांक 27 के कार्यपालन यंत्री को भेजकर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलवाया जाये
जनसुनवाई में ग्राम बालझिरी निवासी श्री दिलीप पिता सोहज्या ने आवेदन देकर बताया कि वे पिछले 70 वर्षो से ग्राम बालझिरी में निवासरत है। मुझे और मेरे परिवार के किसी भी सदस्यो को शौचालय एवं प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं हुआ है। वर्ष 2018 की पात्रता सूची में मेरा नाम होने के बाद भी मुझे लाभ नहीं दिया गया । इस पर जनसुनवाई कर रही कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने आवेदन को जिला पंचायत बड़वानी के सीईओ को भेजकर आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।



