मुख्य खबरेराष्ट्रीय

पटना के उमानाथ गंगा घाट पर नाव हादसा, दो की मौत, पांच लापता, राहत-बचाव अभियान जारी

तेज हवा के चलते गंगा नदी में पलटी नाव, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर जुटी

जनोदय पंच। पटना के बाढ़ स्थित उमानाथ गंगा घाट पर बड़ा नाव हादसा हो गया। गंगा के दियारा इलाके में सब्जी तोड़ने जा रहे लोगों से भरी नाव तेज हवा के चलते पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों की तलाश जारी है।

तेज हवा में पलटी नाव

जानकारी के अनुसार एक छोटी नाव पर 14 से 15 लोग सवार होकर गंगा के दियारा इलाके में सब्जी तोड़ने जा रहे थे। दियारा पहुंचने से पहले तेज हवा चलने लगी और नाव अचानक पलट गई। हादसे के बाद सभी लोग गंगा नदी में डूब गए। शोर सुनकर आसपास मौजूद नाव चालकों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

दो शव बरामद, पांच की तलाश जारी

हादसे में सात लोगों के डूबने की सूचना मिली थी। प्रयास के दौरान एक महिला और एक युवक को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया, जबकि पांच लोगों की तलाश लगातार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह, एसडीपीओ रामकृष्ण, एसडीएम गरिमा लोहिया और अंचल अधिकारी डॉक्टर नरेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

राहत-बचाव कार्य जारी

उमानाथ गंगा घाट पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। वहीं एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। प्रशासन की टीम लगातार राहत और सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!