सेंधवा में कॉलेज चलो अभियान तेज, एनसीसी और एनएसएस विद्यार्थियों ने घर-घर पहुंचकर दिया उच्च शिक्षा का संदेश
सेंधवा के ग्रामीण क्षेत्रों में ड्रॉप आउट विद्यार्थियों से संपर्क, छात्रवृत्ति और प्रवेश प्रक्रिया की दी जानकारी

सेंधवा, जनोदय पंच। वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेंधवा में कॉलेज चलो अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा 12वीं उत्तीर्ण एवं ड्रॉप आउट विद्यार्थियों से संपर्क कर कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया, शासन द्वारा दी जाने वाली छात्रवृत्तियों एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही विद्यार्थियों को महाविद्यालय में प्रवेश लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया संपर्क अभियान
कैडेट्स एवं स्वयंसेवकों द्वारा सेंधवा एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर ड्रॉप आउट एवं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व समझाया गया। पालकों को भी अपने बच्चों को महाविद्यालय में प्रवेश दिलाने के लिए प्रेरित किया गया। कॉलेज चलो अभियान के माध्यम से उच्च शिक्षा विभाग की मंशा है कि कोई भी विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों के सहयोग से घर-घर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
विद्यार्थियों ने बताई प्रवेश नहीं लेने की वजह
संपर्क के दौरान ड्रॉप आउट विद्यार्थियों ने प्रवेश नहीं ले पाने के विभिन्न कारण बताए। इनमें आर्थिक स्थिति कमजोर होना, विवाह के बाद पारिवारिक जिम्मेदारियां बढ़ना तथा रोजगार के लिए पलायन प्रमुख कारण रहे। अभियान के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों को उच्च शिक्षा के लाभों की जानकारी भी दी गई।
अभियान में एनसीसी कैडेट्स सीमा चौहान, रवि सुल्के, पिंकी जाधव, हर्षिता वास्कले, दीपक खरते और प्रेमसिंह मेहता तथा एनएसएस स्वयंसेवक रामेश्वर डूडवे, आशीराम जाधव, जागीराम कटोले सहित अन्य विद्यार्थियों का सहयोग रहा।
काउंसिलिंग टीम से लेने की अपील
नोडल अधिकारी डॉ. जितेश्वर खरते ने विद्यार्थियों से कहा कि वे महाविद्यालय में बेझिझक आकर प्रवेश संबंधी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के अंतर्गत मेजर, माइनर एवं बहुसंकाय विषय चयन को लेकर भी काउंसिलिंग टीम से परामर्श लिया जा सकता है। साथ ही महाविद्यालय के कॉलेज चलो अभियान के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़कर भी प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।



