पानसेमल विधायक श्याम बरडे के प्रयास से किसानों को बड़ी राहत, कपास पर मंडी शुल्क आधा होने से हजारों उत्पादकों को मिलेगा लाभ
प्रदेश सरकार ने कपास पर मंडी शुल्क 1 प्रतिशत से घटाकर 0.50 प्रतिशत किया, किसानों और व्यापारियों में खुशी।

जनोदय पंच। पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री श्याम बरडे के प्रयासों के बाद प्रदेश सरकार ने कपास पर मंडी शुल्क 1 प्रतिशत से घटाकर 0.50 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। इससे बड़वानी, खेतिया, पानसेमल, सेंधवा सहित निमाड़ अंचल के किसानों और व्यापारियों को राहत मिलेगी।
विधायक के प्रयासों से मिली राहत
पानसेमल/बड़वानी में कपास उत्पादक किसानों, व्यापारियों एवं जिनिंग उद्योग से जुड़े लोगों को बड़ी राहत मिली है। लगभग चार माह पूर्व कपास उद्योग से जुड़े व्यापारी संगठनों ने विधायक श्री श्याम बरडे से मंडी शुल्क कम कराने का अनुरोध किया था। उस समय कपास पर मंडी शुल्क 1 रुपए 50 पैसे की दर से लगाया जा रहा था, जिसका प्रभाव किसानों, व्यापारियों और जिनिंग उद्योग पर पड़ रहा था। विषय की गंभीरता को देखते हुए विधायक श्री बरडे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं कृषि मंत्री से चर्चा कर क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया।
कैबिनेट ने दी प्रस्ताव को मंजूरी
भोपाल प्रवास के दौरान विधायक श्री बरडे ने पुनः मुख्यमंत्री के समक्ष यह विषय प्रमुखता से उठाते हुए राहत की मांग की। मुख्यमंत्री माननीय डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट बैठक में कपास पर मंडी शुल्क आधा करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। निर्णय के तहत मंडी शुल्क 1 प्रतिशत से घटाकर 0.50 प्रतिशत कर दिया गया है। विधायक श्री श्याम जी बरडे ने कहा कि उनकी प्राथमिकता हमेशा किसान, व्यापारी और श्रमिक वर्ग का कल्याण रही है तथा इस निर्णय से कपास उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा और कृषि आधारित उद्योगों को गति मिलेगी।
व्यापार और उद्योग को मिलेगा प्रोत्साहन
मंडी शुल्क में कमी से प्रदेश में कपास व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय जिनिंग एवं प्रेसिंग इकाइयों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा कताई-बुनाई और कृषि प्रसंस्करण उद्योगों को लाभ होगा। निर्णय की जानकारी मिलते ही व्यापारियों, किसानों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने विधायक श्री श्याम जी बरडे तथा प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।



