रामकोला के जर्जर स्कूल भवनों का निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने की मांग
दोनों विद्यालयों में भवन, शिक्षकों और मूलभूत सुविधाओं की कमी सामने आई; 25 सितंबर को एसडीएम को सौंपा जाएगा ज्ञापन

सेंधवा। ग्राम रामकोला में जनपद उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति सेंधवा के अध्यक्ष सीताराम बर्डे के नेतृत्व में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस पदाधिकारियों और ‘मेरा गांव मेरी जिम्मेदारी’ की युवा टीम ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय रामकोला एवं शासकीय प्राथमिक विद्यालय लोहारिया फल्या का निरीक्षण किया। निरीक्षण में विद्यालय भवन, शिक्षकों, विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था, बिजली, पंखे, पेयजल और शौचालय सहित शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी कई अव्यवस्थाएं सामने आईं।
माध्यमिक विद्यालय में एक कक्ष में दो कक्षाओं का संचालन
शासकीय माध्यमिक विद्यालय रामकोला में तीन मूल कक्ष और दो अतिरिक्त कक्ष हैं। इनमें दो कक्ष जर्जर बताए गए। एक कक्ष प्रशासनिक कार्य में उपयोग हो रहा है, जबकि शेष दो कक्षों में कक्षा 6वीं से 8वीं तक की तीन कक्षाएं संचालित हो रही हैं। इसके चलते 7वीं और 8वीं के विद्यार्थियों को एक ही कक्ष में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। खिड़कियां टूटी हुई हैं और छत की लोहे की संरचना में जंग लगने के साथ छत झुकी हुई दिखाई दी।

प्राथमिक विद्यालय की छत को लेकर जताई चिंता
शासकीय प्राथमिक विद्यालय लोहारिया फल्या रामकोला में तीन कक्षों में पांच कक्षाएं संचालित हो रही हैं। कक्षा 1वीं से 3वीं तक के बच्चों को एक कक्ष और 4वीं-5वीं के बच्चों को दूसरे कक्ष में बैठाया जा रहा है। भवन की स्थिति जर्जर है। बच्चों के बैठने वाले कक्ष की छत झुकी हुई है और ऊपर प्लास्टिक बिछाई गई है। निरीक्षण दल ने बारिश के दौरान पानी टपकने की स्थिति भी बताई।

शिक्षकों की कमी और मूलभूत सुविधाओं का अभाव
दोनों विद्यालयों में शिक्षकों की कमी भी सामने आई। प्रत्येक विद्यालय में केवल एक-एक नियमित शिक्षक पदस्थ है, जबकि शेष व्यवस्था अतिथि शिक्षकों के भरोसे संचालित हो रही है। माध्यमिक विद्यालय में मध्यान्ह भोजन वाले स्थान पर साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई और वहां कबाड़ भी रखा था। निरीक्षण के दौरान कक्षा 6वीं और 7वीं की कुछ छात्राओं को प्रधान पाठक एवं सरपंच का नाम तक ज्ञात नहीं था।
25 सितंबर को एसडीएम को सौंपेंगे ज्ञापन
पोरलाल खर्ते, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी खरगोन एवं नेशनल कोआर्डीनेटर, अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय के लिए कम से कम सात और माध्यमिक विद्यालय के लिए पांच कक्षों का भवन बनाने की मांग रखी। साथ ही बिजली, पंखे, शौचालय, पेयजल, लाइब्रेरी और प्रशासनिक कक्ष की व्यवस्था की मांग की। प्राथमिक विद्यालय का नया सुरक्षित भवन बनने तक बच्चों की पढ़ाई सुरक्षित स्थान पर कराने की मांग भी की गई। इस संबंध में 25 सितंबर 2026 को अनुविभागीय अधिकारी, सेंधवा के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान राजेंद्र गाडवे, ब्लॉक अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सेंधवा, परसराम सेनानी, जिला महामंत्री, जिला कांग्रेस कमेटी बड़वानी, बिलरसिंह पटेल, पूर्व मंडी डायरेक्टर तथा ‘मेरा गांव मेरी जिम्मेदारी’ की युवा टीम के विकास सोलंकी, तुकाराम कुमारिया, नानसिंग नरगावे, हतिराम सोलंकी, सायसिंग सेनानी, निलेश सोलंकी, मदाराम बर्डे सहित करीब 50 युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



