मध्यप्रदेशमुख्य खबरेसेंधवा

अनंत चतुर्दशी पर बड़वानी पुलिस मुस्तैद, डीआईजी-एसपी ने पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

सेंधवा में झांकी मार्ग से विसर्जन स्थलों तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी

सेंधवा। अनंत चतुर्दशी और गणेश विसर्जन चल समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बड़वानी पुलिस एवं प्रशासनिक अमला अलर्ट है। डीआईजी निमाड़ रेंज खरगोन शिमाला प्रसाद और पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने झांकी मार्ग और विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया।

पैदल भ्रमण कर देखी सुरक्षा व्यवस्था

डीआईजी और एसपी ने पुलिस बल के साथ चलित झांकियों के निर्धारित मार्ग का पैदल भ्रमण किया। इसके बाद निवाली रोड स्थित छोटा घंटिया पटिया और गोई नदी तट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और जल पुलिस व गोताखोरों की तैनाती को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीसीटीवी और ड्रोन से रहेगी निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था के तहत आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। डीआईजी ने सेंधवा शहर के सीसीटीवी सर्विलांस का निरीक्षण किया। जुलूस मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के माध्यम से भीड़ तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

अधिकारियों ने किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, डीएसपी चेतन सिंह बघेल, थाना प्रभारी सेंधवा शहर दिनेश सिंह कुशवाह, थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण ओमप्रकाश चोंगडे, रक्षित निरीक्षक गजेंद्र निगवाल, उषा सिसोदिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील

बड़वानी पुलिस ने नागरिकों से गणेश विसर्जन और अनंत चतुर्दशी का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!