सेंधवा में दो दिवसीय डिजिटल मार्केटिंग कार्यशाला का समापन, विद्यार्थियों को दिए आय अर्जित करने के तरीके
पीएम उषा परियोजना के तहत आयोजित कार्यशाला में फेसबुक और मेटा पर विज्ञापन बनाने व प्रचार की दी जानकारी

सेंधवा। वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेंधवा में गुरुवार को डिजिटल मार्केटिंग विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का समापन हुआ। कार्यशाला पीएम उषा परियोजना कम्पोनेंट-3 के अंतर्गत महाविद्यालय द्वारा कार्यालय सेड़मेप जिला बड़वानी के माध्यम से आयोजित की गई।
कार्यशाला के दूसरे दिन विषय विशेषज्ञ आनंद रायकवार, इंदौर ने विद्यार्थियों को फेसबुक और मेटा पर विज्ञापन बनाने तथा इन प्लेटफॉर्म के माध्यम से विज्ञापन का प्रचार करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने उदाहरण के माध्यम से विज्ञापन तैयार कर उसके प्रचार की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को डिजिटल मार्केटिंग के माध्यम से आय अर्जित करने के तरीकों के बारे में भी बताया।
विद्यार्थियों ने पूछे सवाल
व्याख्यान के बाद विद्यार्थियों ने डिजिटल मार्केटिंग से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। विद्यार्थियों के फीडबैक में सिद्धि गुप्ता, नवरंग जाधव, स्मिता माले सहित अन्य विद्यार्थियों ने डिजिटल मार्केटिंग जैसी कार्यशालाओं को विद्यार्थियों के कौशल विकास और भविष्य में आय अर्जित करने के लिए उपयोगी बताया।

घर बैठे उत्पादों के प्रचार की बात कही
विद्यार्थियों ने कहा कि डिजिटल मार्केटिंग के माध्यम से घर बैठे अपने उत्पादों का प्रचार किया जा सकता है और इससे आय अर्जित करने के अवसर मिल सकते हैं। कार्यशाला के समापन अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
अधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद
इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जीएस वास्कले, पीएम उषा प्रभारी डॉ. दिनेश कनाड़े, सेड़मेप के जिला समन्वयक अरविंद चौहान, प्रो. दीपक मरमट, प्रो. वीरेंद्र मुवेल एवं प्रो. इरशाद मंसूरी मौजूद रहे। कार्यशाला की जानकारी डॉ. विकास पंडित द्वारा दी गई।



