सेंधवा
सेंधवा के देवझिरी मंदिर में लगाए गए 8 सीसीटीवी कैमरे, थाना प्रभारी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

सेंधवा। धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सेंधवा के देवझिरी मंदिर परिसर में 8 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर और आसपास की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सकेगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी।
मंदिर परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण करने पहुंचे थाना प्रभारी दिनेश कुशवाह ने संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया और मंदिर प्रबंधन तथा स्थानीय नागरिकों की पहल की सराहना की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की।

मंदिर के पुजारी लाला जोशी ने बताया कि देवझिरी कॉलोनी के लोगों के सहयोग से मंदिर परिसर में 8 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से मंदिर की सुरक्षा और बेहतर होगी तथा श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी।
निरीक्षण और चर्चा के दौरान शरद राठौड़, सत्यम कुमरावत, विजय सैनी, सोनू यादव और देविकान्त जोशी भी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने इसे मंदिर सुरक्षा और सामाजिक सहयोग का सकारात्मक प्रयास बताया।




