सेंधवा बिजासन घाट ब्लैक स्पॉट पर फिर हादसा, ट्रक चालक फरार, सुरक्षा इंतजामों की मांग तेज
बिजासन घाट में देर रात हुए हादसे के बाद फिर उठे हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

जनोदय पंच। सेंधवा के बिजासन घाट स्थित ब्लैक स्पॉट पर रविवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने चार वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हुए, जबकि सभी यात्री सुरक्षित रहे। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घाट पर स्थायी सुरक्षा इंतजामों की मांग उठाई है।
बिजासन घाट ब्लैक स्पॉट पर देर रात हादसा
सेंधवा में मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे स्थित बिजासन घाट पर रविवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने चार वाहनों को टक्कर मार दी। हादसा बिजासन चौकी के सामने ब्लैक स्पॉट पर हुआ। घटना में सभी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि किसी भी शख्स को गंभीर चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन कर मुंबई लौट रहे सुभाष राणे अपने परिवार के साथ कार से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार सड़क पर घूम गई।

चार वाहन हादसे की चपेट में, चालक फरार
हादसे के दौरान ट्रक ने एक अन्य कार को भी टक्कर मारी, जो डिवाइडर पर चढ़ गई। इसके अलावा एक स्कॉर्पियो और एक आयशर वाहन भी दुर्घटना की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बिजासन चौकी पुलिस और दुर्घटना सहायता समूह के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया, जिससे यातायात बहाल किया जा सका।

सुरक्षा इंतजामों की मांग तेज
स्थानीय निवासियों ने बताया कि बिजासन घाट पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन अब तक प्रभावी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं। रहवासियों और वाहन चालकों ने गणेश घाट की तर्ज पर बिजासन घाट पर भी स्थायी सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर रोक लगाई जा सके। बिजासन चौकी police मामले की जांच कर रही है।



